Spread the love

देवरी में कुल 15 पार्षद हैं। जिनमें से 14 पार्षद भाजपा के हैं। जिनमें से 9 पार्षद अपनी ही पार्टी की अध्यक्ष के खिलाफ थे ………………जांच में मिली वित्तीय अनियमितताएं

देवरी। देवरी नगर पालिका की अध्यक्ष नेहा जैन को पद से हटा दिया गया है। उनके खिलाफ जांच में वित्तीय अनियमितताएं पाई गई हैं। सोमवार को मध्यप्रदेश नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव शिवराज सिंह वर्मा ने इसके आदेश जारी किए है। नेहा जैन भाजपा की टिकट पर पार्षद का चुनाव जीतकर देवरी नगर पालिका की अध्यक्ष बनी थीं। भाजपा के ही पार्षदों ने उन पर नगर पालिका के कार्यों में भ्रष्टाचार और अन्य अनियमितताएं करने के आरोप लगाए थे। पार्षद लगातार अध्यक्ष को पद से हटाने की मांग कर रहे थे। उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लाए थे। इसी मामले में देवरी से भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया ने भी सरकार स्तर पर शिकायत की थी।

देवरी नगर पालिका की अध्यक्ष नेहा जैन पर लगे आरोपों की विभाग ने जांच कराई थी। उनमें से जो तीन आरोप सही पाए गए वो ये हैं…

अध्यक्ष नेहा जैन ने बगैर अनुमति व बगैर अधिकार के स्वयं के अनुमोदन से मस्टर पर 13 कर्मचारी और 2 ऑपरेटर की भर्ती की थी।
रैन बसेरा समेत अन्य स्थानों पर एसी खरीदी में अनियमितता की गई।
प्रेसिडेंट इन काउंसिल को भी गलत तरीके से भंग किया गया था।

इस मामले में विभाग ने जांच के दौरान अध्यक्ष नेहा जैन का भी पक्ष सुना। जिसके बाद उन पर पद से हटाने की कार्रवाई की गई है। नेहा जैन को हटाने के बाद उन पर आरोप लगाने वाले पार्षदों ने खुशी मनाई। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
अध्यक्ष के खिलाफ थे भाजपा के 9 पार्षद
नगर पालिका देवरी में कुल 15 पार्षद हैं। जिनमें से 14 पार्षद भाजपा के हैं। जिनमें से 9 पार्षद अपनी ही पार्टी की अध्यक्ष के खिलाफ थे। अध्यक्ष की कार्यप्रणाली को लेकर पार्षदों ने आंदोलन किए और धरना दिया। कलेक्टर से लेकर भोपाल तक मामले में शिकायत की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *