
गुना। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन और जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार की जा रही सख्त कार्यवाही के तहत कैंट थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। कैंट थाना क्षेत्र के चौथे पेट्रोल पंप पार्किंग से चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर ही जंगल से बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित सर्चिंग और दबिश कार्यवाही को देखते हुए आरोपी वाहन को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया। कैंट थाना पुलिस के अनुसार फरियादी शैलेन्द्र कुमार श्रीमाल निवासी नईसड़क गुना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने तीन माह पहले नया स्वराज 744 ट्रैक्टर खरीदा था। 20 अगस्त की रात को उसने अपना ट्रैक्टर और ट्रॉली चौथे पेट्रोल पंप की पार्किंग में खड़ा किया था। 22 अगस्त को जब वह ट्रैक्टर लेने पहुंचा तो गाड़ी वहां से गायब थी। इस संबंध में थाना कैंट में अपराध क्रमांक 812/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्यवाही की और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस की लगातार खोजबीन और सुरागों के आधार पर मात्र 12 घंटे में ही ऊमरी-पाटई के बीच जंगल से चोरी हुआ ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पुलिस की दबिश और सर्चिंग को देखते हुए आरोपी ने वाहन जंगल में छोड़ दिया और भाग निकला। पुलिस ने चोरी गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षित जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
