
छिंदवाड़ा । कोतवाली थाना अंतर्गत पोलाग्राउंड के समीप अज्ञात लुटेरों ने मार्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला को डरा-धमकाकर उससे जेवर लूट लिए। बुजुर्ग महिला के चीखने चिल्लाने पर स्थानीय लोगों ने लुटेरों का पीछा किया तो बदमाश रास्ते में जेवर से भरी पॉलीथीन फेंककर भाग निकले। लुटेरों बदमाशों की यह करतूत क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इधर सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें तीन बदमाश नजर आए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार छापाखाना निवासी ७० वर्षीय श्रीमती कांती साहू पति किशोर साहू प्रतिदिन मार्निंग वॉक के लिए निकलती है। रोज की तरह वे शुक्रवार सुबह ७ बजे घर से निकली और ७.३० बजे करीब जब वे पोलाग्राउंड के पास पहुंची, तभी एक युवक उनके पास आया और उनसे अपने परिजन के इलाज के पैसो की मांग की। जब उन्होंने पैसे न होने की बात कहीं, तब उसने बुजुर्ग महिला को उनके बच्चों के ऊपर आने वाली आफत का डर दिखाया, जिससे वे घबरा गईं और उन्होंने करीब ढाई लाख रूपए कीमत के अपने जेवरात उतारकर उक्त युवक को थमा दिया। इधर युवक के अन्य साथी भी मौके पर पहुंचे और तीनों बदमाश बाईक में बैठकर नागपुर मार्ग की तरफ भागे। बुजुर्ग महिला द्वारा चीखने-चिल्लाने पर स्थानीय लोगों ने जब उनका पीछा किया तो बदमाश उनके जेवरात फेंककर भाग खड़े हुए। इधर पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
