लो फ्लोर बस में वृद्व की जेब से निकाली हजारो की नगदी, तीनो गिरफ्तार

बीते काफी समय से लगातार दे रहे थे वारदातो को अंजाम
भोपाल। बागसेवनिया थाना इलाके में स्थित एम्स हॉस्पिटल के पास गुना से अपने बीमार रिश्तेदार को देखने आए 65 साल के वृद्ध के कुर्ते की जेब से हजारो की नगदी चोरी करने वाले तीनो बदमाशो को पुलिस ने शिकंजे में ले लिया है। घटना एम्स के गेट नंबर 3 के सामने उस समय हुई जब वृद्ध लो फ्लोर बस से उतर रहे थे। बाद में वृद्ध ने अन्य यात्रियों की मदद से दो बदमाशो को दबोच लिया जबकि उनका साथी मौके से भाग गया जिसे पुलिस ने दबोच लिया। थाना प्रभारी अमित सोनी के अनुसार गुना जिले के कुंभराज थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बापचा वीरान में रहने वाले राधेश्याम मीना पिता मदन लाल मीना (65) की छोटी बेटी के ससुर बीमारी के चलते भोपाल एम्स अस्पताल में इलाज के लिये एडमिट हैं। रोधश्याम उन्हें देखने के लिए कुरावर में रहने वाले अपने बहनोई जगदीश प्रसाद के साथ गुना से भोपाल आए थे। दोनों 28 अगस्त की सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे भोपाल एम्स जाने के लिए लो फ्लोर की चार नंबर रूट बस में सवार हुए थे। राधेश्याम मीना आखिरी बस स्टाप पर उतरने लगे तभी दो युवको ने उन्हें अपने घेरे में ले लिया। एक आरोपी ने उनका हाथ पकड़ा और दूसरे ने जेब से 8 हजार से अधिक नगदी भरा पर्स निकाल लिया। पर्स लूटकर बदमाशो ने फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित ने फौरन ही शोर मचा दिया। उनकी आवाज सुनकर मुसाफिरो और अस्पताल के पास खड़े लोगो ने एक आरोपी को दबोच लिया। उसकी पहचान मधु पाईकराव पिता चन्दू पाईकराव (27) निवासी, मदनी नगर बर्रइ थाना कटारा हिल्स के रुप में हुई। आगे की पूछताछ में उसने बताया की उसके साथ दो साथी और थे, जो फरार हो गए। उसका साथी सुनील पंडित है, जो पर्स लेकर भाग गया। बागसेवनिया पुलिस ने लूट का मामला कायम कर तत्काल ही घेराबंदी करते हुए पकड़ में आये आरोपी मधु पाईकराव की निशानदेही पर उसके दोनो साथियों को भी दबोच लिया। उन दोनो की पहचान सुधीर शर्मा (पण्डित) पिता राजाराम शर्मा (38) निवासी, म.न. 122/37 पारूल अस्पताल के सामने, एमपीनगर और रोहित सपकाले उर्फ सोनू पिता अंकुश सपकाले (25) निवासी, म.न. 936 अन्ना नगर सी सेक्टर थाना गोविन्दपुरा के रुप में हुई।
शराब और सूखे नशे की लत को पूरा करने के लिये करते थे वारदातें
पूछताछ में आरोपियो ने लूट की वारदात करना स्वीकार कर लिया, उनके कब्जे से पुलिस ने लूटा गया माल जप्त किया है। पूछताछ में सामने आया की गिरफ्तार बदमाशो को शराब पीने सहित अन्य सूखा नशा करने की लत है, नशा और अपने शौक पूरा करने के लिये वो बीते काफी समय से बसो और ऑटो मे सफर करने वालो को अपना निशाना बनाकर लूट की वारदातो को अंजाम दे रहे थे। लूट के बाद तीनो माल का आपस मे बाटंकर फरार हो जाते।
झपटमारी-लूट गिरोह का सरगना सुधीर शर्मा है लिस्टेड बदमाश
पकड़ा गया बदमाश सुधीर शर्मा (पण्डित) आदतन अपराधी है, उसके खिलाफ थाना ऐशबाग, एमपीनगर, हबीबगंज, गोविंदपुरा, क्राइम ब्रांच, मंगलवारा और बागसेवनिया में मारपीट, आर्म्स एक्ट, चोरी, आबकारी एक्ट सहित अन्य धाराओ के दो दर्जन मामले दर्ज है। उसके खिलाफ हबीबगंज और ऐशबाग थाना पुलिस द्वारा रासुका की कार्यवाही भी की जा चुकी है। सभी आरोपियो की धरपकड़ के बाद आगे की पूछताछ में चलते वाहनो में सफर के दौरान हुई जेबकटी की कई वारदातो का खुलासा होने की उम्मीद है।
