
इन्दौर। चालीस हजार का इनामी फरार आरोपी अनवर कादरी आज शुक्रवार को भेष बदलकर जिला कोर्ट में पेश हो गया। करीब तीन माह पहले उसके खिलाफ बाणगंगा थाने में लव जिहाद फंडिंग मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी तभी से वह फरार चल रहा था। आज दोपहर अचानक वह कोर्ट पहुंचा उसने दाढ़ी-मूंछ कटवा ली तथा वकील का रूप धारण कर लिया था। हालांकि कादरी कोर्ट में पुलिस की मौजूदगी में आया था लेकिन आक्रोशित भीड़ ने उसकी ओर मारपीट के इरादे से बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे सुरक्षा घेरे में ले लिया। बता दें कि अनवर कादरी इन्दौर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 58 से कांग्रेस का निर्वाचित पार्षद हैं उसकी पार्षदी निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू की जा चुकी है। वहीं फरारी के चलते पुलिस ने पहले उस पर दस हजार फिर चालीस हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। कोर्ट में पेश होने के बाद बाणगंगा थाना पुलिस ने कोर्ट से उसका आठ दिन का रिमांड मांगा। रिमांड मिलने के बाद पुलिस उसे तुंरत गाड़ी में बिठाकर रवाना हो गई। एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया के अनुसार अनवर कादरी आज कोर्ट में पेश हुआ है। वह दो प्रकरणों में वांटेड था। दुष्कर्म के ये मामले 11 जून को दर्ज किए गए थे, जिनमें मूल आरोपी पकड़े गए थे। इनमें कादरी को मुख्य आरोपी बनाया गया था। उसके खिलाफ पुलिस को कुछ सबूत भी मिले थे, जिनके आधार पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। उस पर 40 हजार रुपए का इनाम था। कोर्ट ने उसे 8 सितंबर को पेश होने के निर्देश दिए गए थे। फिलहाल उसका आठ दिन का रिमांड लिया गया है अब पुलिस रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर घटना से संबंधित अन्य सबूत जुटाएगी।
