
कोचेवाही में अवैध रुप से पैथोलॉजी का हो रहा था संचालन
बालाघाट । वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम कोचेवाही में अवैध रूप से संचालित आशीर्वाद पैथोलॉजी लेब एंड कलेक्शन सेंटर को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया है। पैथोलॉजी संचालक यश देशमुख के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पुलिस को कहा गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ परेश उपलप ने बताया कि डॉ. गौरव करवते, चिकित्सा अधिकारी, नोडल अधिकारी एनसीडी जिला चिकित्सालय बालाघाट तथा डॉ. सुषमा गोयल चिकित्सा अधिकारी एवं आरएमओ जिला चिकित्सालय बालाघाट के संयुक्त नेतृत्व में तिरथ कुमार अक्षरिया तहसीलदार वारासिवनी, थाना प्रभारी वारासिवनी द्वारा मनोनीत किये गये आरक्षकों के गठित संयुक्त जांच दल ने 28 अगस्त को दोपहर 1.50 बजे यश देशमुख द्वारा ग्राम कोचेवाही तहसील वारासिवनी, जिला-बालाघाट में संचालित आर्शीवाद पेथालॉजी लेब एण्ड कलेक्शन सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जांच दल द्वारा प्रस्तुत पंचनामा के अनुसार आशीर्वाद पैथालॉजी लेब एंड कलेक्शन सेंटर का निरीक्षण किए जाने पर पाया गया कि यश देशमुख द्वारा विगत लगभग दो माह पूर्व से खुशलराव पटले के स्वामित्व की एक दुकान को किराये पर लेकर ग्राम कोचेवाही तहसील वारासिवनी में आशीर्वाद पेथालॉजी लेब एंड कलेक्शन सेंटर संचालित किया जा रहा है।
नहीं मिली शैक्षणिक, टेक्नीशियन योग्यता
पैथोलॉजी लेब के निरीक्षण के दौरान यश देशमुख उपस्थित नहीं पाए गए, जिनसे मोबाइल नम्बर 6266214724 पर सम्पर्क करने पर उनके द्वारा बताया गया कि वे वर्तमान में अपनी बीमार बहन को देखने के लिए सिवनी जा रहे है। पैथोलॉजी लेब में उनकी सहायक स्वाति तुरकर योग्यता डीएमएलटी उपस्थित पाई गई। आशीर्वाद पैथोलॉजी लैब एंड कलेक्शन सेंटर में यश देशमुख के शैक्षणिक योग्यता एवं पेथालॉजी लेब टेक्नीशियन योग्यता से संबंधित कोई भी अभिलेख प्रदर्शित नहीं पाये गये। लेब में उपस्थित उनकी सहायिका स्वाति तुरकर ने बताया कि यश देशमुख प्रतिदिन ग्राम सेलवा तहसील कटंगी से आना-जाना करते है एवं उनकी योग्यता डीएमएलटी है।
लेब में उपकरण और मरीजों की मिली जांच रिपोर्ट
आशीर्वाद पैथोलॉजी लेब एंड कलेक्शन सेंटर में सेन्ट्रीफ्यूज मशीन, हीमेटोलॉजी एनालाइजर, कम्प्यूटर, प्रिंटर, रेफ्रिजरेटर, रेपिड टेस्ट किट, रियेजेट्स उपलब्ध पाए गए। साथ ही रोगी तोषकला देशमुख आयु 50 वर्ष, पुरुष, निवासी ग्राम उमरी की हीमोटोलॉजी (सीबीसी), बायोकेमेस्ट्री (सीआरपी) एवं सेरालॉजी (विबाल टेस्ट) की टेस्ट रिपोर्ट, मेघा भवरे आयु 28 वर्ष, महिला, निवासी छोटी कोचेवाही की रोरालॉजी (विडाल टेस्ट) की टेस्ट रिपोर्ट लेब में उपलब्ध पाई गई, जिसे जांच दल द्वारा अपनी अभिरक्षा में लिया गया।
सर्वसम्मति से निर्णय लेकर किया सील
आशीर्वाद पैथोलॉजी लेब एंड कलेक्शन सेंटर ग्राम कोचेवाही तहसील वारासिवनी का संचालन नियम विरुद्ध एवं उच्च न्यायालय जबू द्वारा दिए गए आदेश के विपरीत पाये जाने के कारण जांच दल द्वारा मौके पर जनहित में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए आशीर्वाद पैथोलॉजी लैब एंड कलेक्शन सेंटर को तत्काल सील बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही यश देशमुख द्वारा ग्राम कोचेवाही में आशीर्वाद पैथोलॉजी लेब एंड कलेक्शन सेंटर का नियम विरूद्ध अवैद्य रूप से संचालन पाए जाने के कारण उसके विरूद्ध आवश्यक विवेचना कर समुचित वैद्यानिक कार्यवाही करने कहा गया है।
