Spread the love

जबलपुर। जबलपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर पाटन-शहपुरा रोड पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार क्रेटा कार (एमपी20 जेडएन 8904) ने बाइक (एमपी20 एमडी 9473) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार सवार चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है।
शहपुरा निवासी शकीला बी अपने बेटों शोएब और फैजान के साथ बाइक से चालीसवां में शामिल होने पाटन गई थीं। देर रात लौटते समय ग्वारी गांव के पास उनकी बाइक को पीछे से आ रही सफेद क्रेटा कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक लोहे की रेलिंग से टकराकर चकनाचूर हो गई। शकीला बी की मौके पर ही मौत हो गई और फैजान ने रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, पैदल जा रही ग्वारी गांव की फागनी बाई भी हादसे की चपेट में आ गई। उसका शव रविवार सुबह 20 फीट गहरे नाले से बरामद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि अगर सड़क किनारे लोहे की रेलिंग नहीं होती, तो कार भी नाले में जा गिरती और उसमें सवार लोगों की जान बचना मुश्किल हो जाता। सूचना मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। रविवार सुबह एसडीओपी लोकेश डाबर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फागनी बाई का शव नाले से निकाला गया। फिलहाल घायल लोग बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से घायलों की पहचान और उनका पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *