
आयोजन के लिए नगर परिषद लांजी में प्रशासनिक तैयारियां पूरी
15 में से 12 पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का दिया नोटिस
बालाघाट। नगर परिषद लांजी में अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर फिलहाल संशय बना हुआ है। 15 में से 12 पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया था, जिस पर प्रशासन ने चर्चा के लिए 15 सितंबर की तिथि नियत कर दी है। लेकिन सरकार के निकाय अध्यक्षों के लिए लाए जाने वाले अध्यादेश से इस सम्मेलन पर संशय बना हुआ है। हालांकि, नगर परिषद लंाजी ने सम्मेलन के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली है। सरकार की ओर से किसी भी प्रकार से लिखित में आदेश नहीं मिलने पर 15 सितंबर को अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद लांजी की अध्यक्ष रेखा ताराचंद कालबेले के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के लिए 12 भाजपा और कांग्रेसी ने नोटिस दिया था। इस सूचना के आधार पर प्रशासन ने मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनिमय 1961 की धारा 43 (क) उपधारा 1 व 2 के अंतर्गत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की कार्यवाही कराना सुनिश्चित किया है। जिसके लिए मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनिमय 1961 की धारा 43 (क) उपधारा 2 के तहत कार्यवाही पूर्ण कराने के लिए एसडीएम लांजी कमलचंद्र सिंहसार को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। पीठासीन अधिकारी व एसडीएम लांजी ने यह सम्मेलन पूर्ण कराने के लिए 15 सितंबर की तिथि नियत की है। यह सम्मेलन नगर परिषद लांजी के सभा कक्ष में दोपहर 2 बजे से होगा। इसके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। जारी आदेश में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि यदि तय सम्मेलन तक शासन द्वारा किसी भी प्रकार के नए दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं, तो उसका पालन किया जाएगा, जिसकी सूचना भी सभी को पृथक से दी जाएगी।
इन पार्षदों ने अध्यक्ष के प्रति जताया अविश्वास
नगर परिषद लांजी में 15 पार्षद है, जिसमें से भाजपा के 5, कांग्रेस के 3, निर्ददलीय तीन और आम आदमी पार्टी के एक पार्षद ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास जताया है। इसमें वार्ड नंबर 1 से संजय सैय्याम भाजपा, वार्ड नंबर 3 से पूनम शरद आसटकर कांग्रेस, वार्ड 4 से प्रेमलता खोबरागड़े निर्दलीय, वार्ड नंबर 5 में कल्पना लीलाधार डोलस आम आदमी पार्टी, वार्ड नंबर 6 से तेजेश्वरी गोदुले निर्दलीय, वार्ड नंबर 8 से शिखा गोस्वामी भाजपा, वार्ड नंबर 10 से विजय गोस्वामी भाजपा, वार्ड नंबर 11 से सौरभ मोनु पसीने कांग्रेस, वार्ड नंबर 12 से मुकेश रणदिवे कांग्रेस, वार्ड 13 से संदीप रामटेक्कर निर्दलीय, वार्ड नंबर 14 से दिनेश कचवाहे, भाजपा और वार्ड नंबर 15 से कस्तुरबा वाकड़े भाजपा ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए ज्ञापन सौंपा था।
विकास कार्य नहीं करने और भ्रष्टाचार का लगा है आरोप
नगर परिषद लांजी की अध्यक्ष रेखा ताराचंद कालबेले पर शहर में विकास कार्य रुचि नहीं लेने और भ्रष्टाचार करने का आरोप पार्षदों ने लगाया है। पार्षदों के अनुसार अध्यक्ष द्वारा भ्रष्टाचार किया जा रहा है। वार्डों के विकास में किसी प्रकार की रुचि नहीं ली जा रही है, जिसके कारण नगर का विकास ठप पड़ा हुआ है। अध्यक्ष पति के द्वारा नगर पंचायत में बार-बार हस्तक्षेप किया जा रहा है। परिषद में विपक्षी पार्षदों की कोई सुनवाई नहीं होती। वार्ड की जनता पार्षदों से विकास कार्यों को लेकर सवाल करती है, जिसका वे जवाब नहीं दे पाते हैं। इतना ही नहीं सत्ता पक्ष के पार्षदों के भी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते 12 पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास लाया है।
इनका कहना है
नगर परिषद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए सम्मेलन की तिथि प्रशासन ने तय कर दी है। सभी 12 पार्षद अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए तैयार है। अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा संबंधी शासन से किसी भी तरह के दिशा-निर्देश मिलते हैं तो प्रशासन इसके लिए गाइड लाइन जारी करें। ताकि पार्षद उसके अनुसार अपनी तैयारी करें।
-सौरभ पशीने, पार्षद वार्ड क्रमांक 11
पार्षदों की अविश्वास प्रस्ताव की सूचना के आधार पर 15 सितंबर को सम्मेलन बुलाया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रशासन ने लांजी एसडीएम को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है। नए अध्यादेश के लिए शासन की ओर से लिखित में कुछ भी निर्देश नहीं मिले हैं, जो भी नए निर्देश मिलेंगे, उसका पालन किया जाएगा।
-मयूर वाहने, सीएमओ, नगर परिषद लांजी
