Spread the love

एक करोड़ का था इनाम, दक्षिण बस्तर में कई सालों से थी सक्रिय
बीजापुर। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव और एंटी नक्सल ऑपरेशन को देखते हुए एक करोड़ की इनामी कुख्यात महिला नक्सली सुजाता ने सरेंडर कर दिया है। सुजाता के सरेंडर से बस्तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे मुहिम के बीच माओवादियों संगठन को एक और बड़ा झटका लगा है। सुजाता दक्षिण बस्तर में कई सालों से सक्रिय थी और नक्सलियों के दक्षिण सब जोन ब्यूरो इंचार्ज रह चुकी है। सुजाता पर एक करोड़ का इनाम घोषित किया गया था।
मीडिया रिपोर्ट में पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुजाता ने तेलंगाना में सरेंडर किया है। उसके सरेंडर से माओवादी संगठन को झटका लगा है। खास बात यह है कि सुजाता कुख्यात नक्सली कमांडर किशनजी की पत्नी है, जो कुछ साल पहले पश्चिम बंगाल में मुठभेड़ में मारा गया था। सरेंडर करने वाली सुजाता खुद सीसी मेंबर है और कई राज्यों में उस पर लाखों का इनाम घोषित कर रखा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुजाता लंबे समय से छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सक्रिय रहकर बड़े हमलों की साजिश रचने में शामिल रही है। सुजाता के सरेंडर को छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को खत्म करने के अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस बार बारिश में भी ऑपरेशन चलाया जा रहा है और एनकाउंटर में शीर्ष माओवादी मारे जा रहे हैं।
बता दें छत्तीसगढ़ में माओवादी संगठनों को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। दो दिन पहले छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस एनकाउंटर में 10 नक्सली मारे गए थे, जिसमें एक करोड़ का इनामी नक्सली सीसी मेंबर मनोज उर्फ बालकृष्ण भी शामिल था। गरियाबंद में मारे गए सभी 10 नक्सलियों पर 2.40 करोड़ रुपए का इनाम घोषित था। वहीं एक दिन पहले बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने दो नक्सलियों को ढेर कर दिया था। नक्सलियों की पहचान हिड़मा पोड़ियाम और मुन्ना मड़कम के रूप में हुई थी। दोनों पर 8-8 लाख रुपए का इनाम था। मुठभेड़ स्थल से एक 303 रायफल, एक नग 12 बोर बंदूक समेत विस्फोटक सामान बरामद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *