Spread the love

मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल, तीन साल में होगी 22,500 आरक्षकों की भर्ती
इंदौर । मध्यप्रदेश में पुलिस बल को मजबूत करने के लिए, पुलिस मुख्यालय ने 7500 पुलिस आरक्षकों की सीधी भर्ती की घोषणा की है। इस संबंध में आरक्षक संवर्ग की सीधी भरती हेतु चयन परीक्षा-2025 का विज्ञापन कल, 14 सितंबर 2025 को प्रकाशित किया जा रहा है।
मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित इस भर्ती परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर से 29 सितंबर 2025 तक स्वीकार किए जाएंगे। परीक्षा का आयोजन 30 अक्टूबर 2025 को प्रदेश के 11 संभावित शहरों में किया जाएगा। ये शहर हैं – भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रीवा, रतलाम, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन। उम्मीदवार परीक्षा की नियम पुस्तिका मंडल की वेबसाइट www.esb.mp.gov.in पर डाउनलोड कर सकते हैं।
यह भर्ती मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर की गई घोषणा का हिस्सा है। उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आगामी सिंहस्थ मेले की तैयारियों को देखते हुए, कुल 22,500 पुलिस आरक्षकों की भर्ती का निर्णय लिया था। यह भर्ती प्रक्रिया अगले तीन वर्षों में पूरी की जाएगी, जिसमें प्रत्येक वर्ष 7500 आरक्षकों की भर्ती होगी।
पहले वर्ष की भर्ती कर्मचारी चयन मंडल द्वारा, जबकि अगले दो वर्षों की भर्तियां हाल ही में गठित होने वाले मध्यप्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा की जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आरक्षक भर्ती के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड के गठन की भी घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *