Spread the love

आरोपियों के पास से कार, लेपटॉप, कम्प्यूटर, मोबाइल फोन और दस्तावेज किए जब्त
करीब 800 मोबाइल नंबर, 60 आइएमइआइ नंबरों की जांच के बाद आरोपियों तक पहुंची पुलिस
4 से अधिक राज्यों में ऑनलाइन ठगी की घटना को दे चुके हैं अंजाम

बालाघाट । बालाघाट पुलिस ने अंतरराज्यीय ऑनलाइन ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 40 लाख रुपए नगद बरामद किए हैं। वहीं करीब 15 लाख रुपए मूल्य की एक कार, लेपटॉप, कम्प्यूटर , 5 मोबाइल और दस्तावेजों को जब्त किया है। पुलिस करीब 800 मोबाइल नंबर और 60 आइएमइआइ नंबरों व 32 बैंक खातों के गहन विशलेषण के बाद आरोपियों तक पहुंची। बालाघाट पुलिस ने यह कार्यवाही प्रेमनगर निवासी शोभा सोनेकर 64 वर्ष की शिकायत करने के बाद की।
शुक्रवार को स्थानीय पुलिस कंट्रोल रुम में पत्रकारों से चर्चा करते हुए एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि बालाघाट निवासी शोभा सोनेकर ने 41 लाख रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया। इस मामले की जांच के लिए 5 विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच टीम ने नोएडा, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, बिहार राज्य सहित अन्य स्थानों पर दबिश दी। 10 दिन में 14 हजार 700 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय किया। करीब 800 मोबाइल नंबरों, 60 आइएमइआइ नंबरों और 32 बैंक खातों का गहनता से विशलेषण किया। इससे आरोपियों द्वारा प्रयुक्त फर्जी नाम व पहचान का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची। एसपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि गिरोह महाराष्ट्र, पंजाब, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों में ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी महाराष्ट्र राज्य के मुंबई के थानों में वांटेड भी है। एसपी ने बताया कि दिल्ली से आरोपियों को लेकर आए हैं। टीम ने जो काम किया वह काफी सराहनीय है। महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच को भी इनकी तलाश थी। जिला इंदौर की मऊ पुलिस में भी अपराध दर्ज है और धार के अंतर्गत भी आने वाले थाना को इनकी तलाश थी।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
ऑनलाइन ठगी के मामले में बालाघाट पुलिस ने राहुल पिता राजनाथ 37 वर्ष निवासी ग्राम नवादा तहसील आरा जिला भोजपुर बिहार, हिमांशु पिता सुरेंद्र शर्मा 29 वर्ष निवासी न्यू कोटगांव थाना घंटाघर जिला गाजियाबाद यूपी, ब्रिजेश पिता राजेंद्र प्रसाद 44 वर्ष निवासी सी-260 जूथड गौतम बुद्ध नगर नोएडा, सतपाल पिता बजरंगी 50 वर्ष निवासी झंडापुर गाजियाबाद यूपी, अमन पिता स्व. राजीव शर्मा 32 वर्ष निवासी शाहदारा दिल्ली और अंकित पिता श्याम नारायण वर्मा 30 वर्ष निवासी जमालपुर थाना बोरिया हाल मुकाम नोएडा को गिरफ्तार किया है।
बंद बीमा पॉलिसी का क्लेम और वेतन देने का दिया था लालच
एसपी ने बताया कि आरोपियों ने सितंबर 2024 से फरियादी को लगातार कॉल कर झांसा दिया। पहले से बंद बीमा पॉलिसी का 10 लाख रुपए का क्लेम दिलाने और बाद में प्रत्येक माह 1 लाख रुपए का वेतन देने का लालच दिया। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को विश्वास में लेने के लिए कोर लाइफ रिएल्टर्स, ओजस्विन ग्रूप, सत्या ट्रेडर और ग्रेटर स्काइ स्टे नामक कंपनिया बनाकर ऑनलाइन धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल किया। बुजुर्ग महिला से 41 लाख रुपए पहले तीनअलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए। इसके बाद आरोपियों ने रकम को अन्य कई बैंक खातों में ट्रांसफर कर अपनी पहचान छिपाई थी। एसपी ने बताया कि यह रकम बुजुर्ग महिला के रिटायरमेंट की पूरी जीवन भर की कमाई थी। ठगी होने के करीब एक माह बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिसके चलते आरोपियों ने दिल्ली व नोएडा से राशि का आहरण कर लिया था।
बैंक अकाउंट के मोबाइल नंबरों को बार-बार किया चेंज
एसपी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन वे बार-बार नंबर बदलने लगे, फोन भी रिसीव नहीं कर रहे थे। जिससे उन्हें संदेह हुआ। पैसा एटीएम में जाता था, जो मल्टीपल खाता में ट्रांसफर होकर अलग-अलग बैंक से विड्राल कर लिया जाता था। छोटी से संस्था के नाम से ये कंपनी चला रहे थे, जो भी बैंक एकाउंट था उसमें बार-बार मोबाइल नंबर चैंज होते थे। जब बैंक से स्टेटमेंट देखा गया तो उक्त खाते ऐसे व्यक्ति के नाम से थे, जिसमें कोई मजदूर है तो कोई काम कर रहा है। आरोपियों ने किसी को प्रधानमंत्री आवास की राशि आने तो किसी को शासन की योजनाओं की राशि खाते में आने का झांसा दिया था। इससे ये बात स्पष्ट हो गई थी इस तरह धोखाधड़ी की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों में मुख्य सरगना राहुल है, जिनके द्वारा मुंबई पुलिस को भी चैलेन्ज किया गया था। वाराणसी में फरारी काट रहा था। इन आरोपियों में एक टैक्सी चलाने का कार्य करता था व एक एमबीए किया हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *