विकासखंडों के सामुदायिक स्वास्थय केन्द्रों में 23 से 30 सितम्बर तक शिविर होंगे आयोजित
दमोह : प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा हैं। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न विभागों में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, खेल एवं युवककल्याण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगर पालिका/परिषद आदि विभागों की सहभागिता से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एवं सेवाए प्रदाय की जायेगी। इस आशय की जानकारी कलेक्टर मिशा सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मीडियाजनों से चर्चा के दौरान दी। उन्होंने कहा जिला स्तर का कार्यक्रम पीजी कॉलेज दमोह में किया जायेगा।

इस दौरान प्रधानमंत्री जी का धार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जायेगा, इस हेतु सभी जनप्रतिनिधियों को आमत्रित किया गया हैं।कलेक्टर मिशा सिंह ने आगे बताया पीजी कॉलेज दमोह में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया हैं। रक्तदान शिविर प्रात: 11 बजे से शाम 06 बजे तक आयोजित किया गया हैं। साथ ही एकलव्य विद्यालय में भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा हैं।उन्होंने जिलेवासियों से आग्रह करते हुए कहा रक्तदान शिविर में रक्तदान अवश्य करें ताकि यह रक्त जरूरत मंद को दिया जा सके। साथ ही सेवा पखवाड़े में अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाने का भी आग्रह किया। कलेक्टर ने मीडियाजनों से आगे चर्चा करते हुए बताया सेवा पखवाड़े अंतर्गत जिले में नमो उपवन और नमो पार्क का भी चिन्हांकन किया गया हैं। उन्होंने कहा जिले के 210 स्वास्थ्य केन्द्रों पर भी सेवा पखवाड़े अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होगा। साथ ही प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा।कलेक्टर मिशा सिंह ने आगे बताया महिलाए परिवार की धुरी होती हैं, यदि महिला स्वस्थ्य रहती हैं तो परिवार सशक्त होता हैं, इस हेतु सेवा पखवाड़े में महिला और शिशु के स्वास्थ्य से संबधित सभी योजनाओं का लाभ भी दिलाने का प्रयास किया जायेगा।उन्होंने कहा पी.जी. कॉलेज में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, टी.बी. मरीजों को फुड बॉस्केट वितरण एवं हितग्राही मूलक योजनाओं के 6 महिला लाभार्थियों को यथा-प्रधानमंत्री आयुष्मान वय वंदना योजना, 70 आयुवर्ग के हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण एवं जेएसवाई, पीएसवाई के महिला हितग्राहियों को प्रदाय सहायता राशि के प्रतीक स्वरूप प्रमाण-पत्र भी दिये जायेंगे।
उन्होंने कहा सेवा पखवाड़ा अतंर्गत जिले के 210 स्वास्थ्य संस्थाओं में यथा जिला चिकित्सालय दमोह, सिविल अस्पताल हटा एवं समस्त 06 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र, संजीवनी क्लीनिक एवं शहरी क्षेत्र की 17 आंगनवाडियों में अभियान दौरान प्रतिदिन महिलाओं का समग्र स्वास्थ्य परीक्षण किया जायेगा।
कलेक्टर ने आगे बताया खंड स्तरीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य जांच की शुरूआत विकासखंड पथरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से 22 सितम्बर को की जा रही हैं। इसमें स्त्री रोग, नेत्र रोग, त्वचा रोग, नाक, कान एवं गला, दंत चिकित्सा एवं अन्य चिकित्सा सेवायें एवं रक्तदान शिविर आयोजित किये जायेंगे।
विकासखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 23 से 30 सितम्बर तक शिविर होंगे आयोजित
अन्य विकासखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिन्हित तिथियों में शिविर आयोजित किये जायेगें। इनमें 23 सितम्बर को जबेरा, 24 सितम्बर को बटियागढ़, 26 को तेन्दूखेड़ा, 27 को पटेरा, 29 को हटा एवं 30 सितम्बर दमोह विकासखंड के हिण्डोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में शिविर का आयोजन किया जायेगा। गैर संचारी रोगों की जांच-बी.पी., डायबिटीज, एनीमिया, बी.एम.आई. मुख, स्तन, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर स्क्रीनिंग, संचारी रोगों की जांच-क्षय रोग एवं कुष्ठ रोग की स्क्रीनिंग, किशोरियों में एनीमिया की स्क्रीनिंग एवं उपचार, सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर यथा संजीवनी क्लीनिक एवं उपस्वास्थ्य केन्द्र पर गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच एवं बच्चों का टीकाकरण किया जायेगा। निक्षय मित्र कार्यक्रम अंतर्गत टी.बी. मरीजों को पोषण सहयोग एवं फुड बॉस्केट वितरण किया जायेगा। जागरूकता गतिविधियां अंतर्गत महिलाओं एवं किशोरियों के लिए पोषण एवं आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम, माहवारी स्वच्छता पर विशेष सत्र का आयेाजन किया जायेगा।
