Spread the love

नाम भी बड़े अक्षरों में लिखा जाएगा, ताकि वोटर आसानी से पढ़ सकें; बिहार चुनाव से शुरुआत
नई दिल्ली। ईवीएम बैलेट पेपर पर अब उम्मीदवारों के रंगीन फोटो होंगे। इसके अलावा प्रत्याशियों की नंबरिंग और उनका फोंट साइज भी बड़ा होगा, जिससे वोटर उसे अच्छे से पढ़ और देख सके। चुनाव आयोग इसकी शुरुआत की बिहार विधानसभा चुनाव से करेगा। इसके लिए चुनाव आयोग ने एक गाइड लाइन जारी की है। निर्वाचन आयोग ने बताया कि यह पहल उन 28 सुधारों का हिस्सा है, जिन्हें पिछले छह महीनों में मतदाताओं की सुविधा और चुनावी प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए लागू किया गया है।
चुनाव आयोग ने बताया कि उसने निर्वाचन नियम, 1961 के नियम 49बी के तहत ईवीएम बैलेट पेपर की डिजाइन और प्रिंटिंग संबंधी मौजूदा दिशानिर्देशों में संशोधन किया है, ताकि उनकी स्पष्टता और पठनीयता को बढ़ाया जा सके। उम्मीदवारों/नोटा के क्रमांक अंतर्राष्ट्रीय स्वरूप में भारतीय अंकों में छापे जाएंगे। स्पष्टता के लिए फॉन्ट साइज 30 और बोल्ड रखा जाएगा।
ईवीएम बैलेट पेपर 70 जीएसएम पेपर का होगा
चुनाव आयोग के बयान के अनुसार, ईवीएम बैलेट पेपर 70 जीएसएम पेपर पर छापे जाएंगे। विधानसभा चुनावों के लिए विशेष आरजीबी मान वाले गुलाबी रंग के पेपर का उपयोग किया जाएगा। सभी उम्मीदवारों/नोटा के नाम एक ही फॉन्ट प्रकार और फॉन्ट साइज में बड़े अक्षरों में छापे जाएंगे, ताकि आसानी से पढ़े जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *