Spread the love

रेलवे स्टेशन परिसर में खड़ी गाड़ी से अवैध पिस्टल बरामद
बालाघाट । नगर के कालीपुतली चौक समीप निवासरत उद्योगपति त्रिवेदी परिवार में हुए गोली कांड मामले में पुलिस ने घायल महिला के मुंहबोले भाई पीयूष पाठक को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने पीयूष पाठक का डॉक्टरी मुलाहिजा कराकर न्यायालय में पेश किया। पीयूष पाठक के खिलाफ 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं अवैध देसी पिस्टल को पुलिस ने रेलवे स्टेशन परिसर में पार्क की गई गाड़ी के डिक्की से बरामद किया गया है।
नगर निरीक्षक विजय राजपूत के अनुसार 15 सितंबर की रात्रि उद्योगपति त्रिवेदी परिवार में गोली लगने से चांदनी त्रिवेदी घायल हो गई, जिसका उपचार गोंदिया के अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कारतूस का एक खाली खोखा, घर के सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर जब्त किया। डीवीआर की जांच में घायल चांदनी त्रिवेदी का भाई पिस्टल लेकर आते हुए दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने पीयूष पाठक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उन्होंने बताया कि जिस पिस्टल से गोली चली है, उसका कोई लायसेेंस नहीं है। इस पिस्टल को पीयूष पाठक की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है। पीयूष पाठक ने प्रारंभिक बयान में अवैध देसी पिस्टल को अस्पताल परिसर में गाड़ी में छिपाने का बयान दिया था। जिसके आधार पर जब उसे बरामद करने के लिए पीयूष पाठक को लेकर गए थे, तो वह वाहन वहां नहीं मिला। पीयूष ने पहले पुलिस को गुमराह किया। बाद में उसने रेलवे स्टेशन परिसर में खड़े वाहन में पिस्टल के होने की जानकारी दी, जिसे विधिवत बरामद कर लिया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने घायल महिला चांदनी त्रिवेदी के भी बयान लिए हैं। बयान में उन्होंने उनके पति के लायसेंसी पिस्टल से स्वयं के हाथों से गोली लगने का बयान दिया है। जबकि उनके पति की लायसेंसी रायफल है, जो कि कोतवाली मालखाना में जमा है। पुलिस के अनुसार चांदनी त्रिवेदी ने पूछताछ में यह भी बताया कि देसी पिस्टल को उसने अपने मुंहबोले भाई पीयूष पाठक को दिया था। इस प्रकरण में दोनों के बयान विरोधाभाषी और पुलिस को गुमराह करने वाले थे। प्रकरण में पीयूष पाठक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं घायल चांदनी त्रिवेदी के स्वस्थ्य होने पर जांच में मिले तथ्यों के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *