Spread the love

टेक्स जमा नहीं करने पर दी कानूनी कार्यवाही की चेतावनी
बालाघाट। जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। एक सफाईकर्मी, जिसका वेतन महज 5 हजार रुपए है, उस पर आयकर विभाग ने 1 करोड़ 20 लाख का नोटिस भेजा है। इतना ही नहीं टेक्स जमा नहीं करने पर कानूनी कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
जानकारी के अनुसार पादरीगंज निवासी संतोष चौधरी बालाघाट के एक आदिवासी आश्रम में सफाई कर्मचारी है। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। संतोष आश्रम के एक छोटे से कमरे में निवास करता है। वर्ष 2016 से अंशकालीन कर्मी के रूप में गांव से आकर महज 5 हजार के वेतन में अपना गुजारा कर रहा है। संतोष पर इनकम टैक्स विभाग ने 1 करोड़ 20 लाख का टैक्स लगाया है। संतोष को मिले नोटिस में पेनाल्टी भी शामिल है।
पीडि़त संतोष ने बताया कि छिंदवाड़ा के एक शोरूम से वर्ष 2017-18 में 55 लाख रुपए का लेन देन उसके पेन कार्ड में शो कर रहा है। जबकि उसने कभी इस तरह का कोई लेन देन किया ही नहीं है। उसने इस मामले की पूर्व में पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत कर चुका है। अब संतोष ने आयकर विभाग से गुहार लगाई है कि उनके पैन नंबर से हुई धोखाधड़ी की जांच की जाए और उनके ऊपर लटकी कानूनी कार्रवाई की तलवार हटाई जाए।
संतोष के पैन कार्ड से 2017-18 में 55 लाख से ज्यादा की इनकम दिखाई गई। इतना ही नहीं टैक्स और ब्याज मिलाकर अब यह रकम 1 करोड़ 20 लाख तक पहुंच गई है। संतोष ने बताया कि कई साल पहले गांव के पूर्व सरपंच ने गाड़ी खरीदने के लिए उनके दस्तावेज लिए थे। उसने गाड़ी खरीदी और उसकी किस्त भी बराबर जमा कर रहा है। उसके दो बैंक खाते हैं, उसमें भी बैंक स्टेटमेंट में पैसों का लेनदेन नहीं दिख रहा। मतलब साफ है कि पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल हुआ है। आयकर विभाग से नोटिस मिलने के बाद से वह बहुत परेशान है। मामला खत्म कराने के लिए न्यायालय, वकील और आयकर विभाग के चक्कर काटने मजबूर हो गया है। संतोष ने पुलिस और इनकम टैक्स विभाग दोनों को शिकायत दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *