Spread the love

बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय किया गया था रेफर
मलाजखंड थाना क्षेत्र के ग्राम निक्कुम की निवासी थी मृतिका

बालाघाट । गर्भ में पल रहे बच्चे सहित गर्भवती महिला की जिला चिकित्सालय लाते समय मौत हो गई। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतिका सुमित्रा पति विजेंद्र पंचतिलक 29 वर्ष ग्राम निक्कुम थाना मलाजखंड की निवासी थी। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम विजेंद्र पंचतिलक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है और उसकी 6 बहने हैं। सभी की शादी हो चुकी है। 27 अप्रैल 2018 को विजेंद्र की शादी सुमित्रा ग्राम पोगार थाना बैहर निवासी के साथ हुई थी। शादी के बाद सुमित्रा अपने पति विजेंद्र के साथ खेती किसानी करती थी। शादी के बाद सुमित्रा ने दो बेटी को जन्म दिया, जो 4 वर्ष और 6 वर्ष की है। दोनों का नार्मल प्रसव हुआ था। इन दिनों सुमित्रा गर्भवती थी और उसे 9 माह हो चुके थे। 19 सितंबर को 11बजे सुमित्रा को प्रसव पीड़ा होने पर उसे मोहगांव मलाजखंड के उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया था। इस उप स्वास्थ्य केंद्र में सुमित्रा को भर्ती करने के बाद वह बेहोश हो चुकी थी और ऑक्सीजन भी लगाया गया था। यहां के डॉक्टर ने नॉर्मल प्रसव नहीं होने की स्थिति में सुमित्रा को जिला अस्पताल रेफर किए थे। 108 एंबुलेंस से सुमित्रा को 3 बजे करीब जिला अस्पताल बालाघाट लाया गया। जिसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिए। सुमित्रा की जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में ही मौत हो चुकी थी। सुमित्रा के साथ ही उसके गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई। जिला अस्पताल पुलिस ने सुमित्रा का शव जिला अस्पताल के मरचुरी मैं सुरक्षित रखवा दिया था। शनिवार को शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *