
दमोह ! पुलिस मुख्यालय भोपाल के आदेश पालन में पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देश पर बनाई रणनीति अंतर्गत 15 दिवसीय अभियान चला कर यातायात नियमों के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । अभियान अंतर्गत आज दिनांक को ज़िले के तेजगढ़,तेंदूखेड़ा, नोहटा एवं जबेरा में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर यातायात नियमों के संबंध में आमजनों को जागरूक किया गया एवं पंपलेट वितरित किए गए।

यातायात दुर्घटनाओं के पीड़ितों की नागरिकों द्वारा की गई मदद के लिए शासन द्वारा चलाई जा रही प्रोत्साहन योजनाओं जैसे राहगीर योजना, कैशलेश योजना, हिट एंड रन प्रतिकर योजनाओं के संबंध में जानकारी भी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दी गई।

इसके साथ ही थाना यातायात पुलिस ने यातायात थाना के सामने एवं शहर के बैंक चौराहे पर चैक प्वाइंट लगा कर 85 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की और कुल 55,200/- प्रशमन शुल्क बसूल किया। चैकिंग के दौरान 02 ई रिक्शा एवं 01 ऑटो के चालक ड्रिंक एंड ड्राइव करते पाए गए हैं जिनके प्रकरण तैयार कर न्यायालय में पेश किए जाएंगे।
