Spread the love

भाजपा पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
बालाघाट। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जिले में आगमन के दौरान बुधवार को कांग्रेसियों ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। काले कपड़े पहनकर कांग्रेसी कटंगी में आयोजित कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें करीब 7 किलोमीटर पहले ही जाम नाला के पास रोक लिया। इस दौरान कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। साथ ही प्रोत्साहन राशि देने की बजाए धान को 31 सौ रुपए और गेंहू को 27 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से समर्थन मूल्य पर खरीदे जाने की मांग की। इस प्रदर्शन के दौरान बैहर विधायक संजय उइके, बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे, परसवाड़ा विधायक मधु भगत, वारासिवनी विधायक विवेक पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सरसवार, पूर्व सांसद बोधसिंह भगत सहित कांग्रेसी जनप्रतिनिधि और अन्य नेता व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेसियों का यह प्रदर्शन दो घंटे से अधिक समय तक चलते रहा। पुलिस के पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के चलते कांग्रेसी आयोजन स्थल तक नहीं पहुंच पाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव पूर्व किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान और 2700 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदे जाने का वादा किया था। भाजपा ने सरकार भी बनाई लेकिन अब तक चुनाव पूर्व किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया है। इसी तरह महिलाओं को 3000 रुपए देने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे अनेक वादे भी घोषणाओं तक ही सीमित रह गए हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बैहर विधायक संजय उइके ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है, कड़ी मेहनत कर फसल का उत्पादन करता है। चाहे बारिश हो या ठंड या फिर गर्मी, सभी सीजन में किसान जी तोड़ मेहनत करता है। बावजूद इसके भाजपा सरकार ने किसानों के साथ वादाखिलाफी की है। भाजपा ने किसानों और जनता से जो वादे किए थे, उन्हें निभाने में विफल रही है। कांग्रेस इसी वादाखिलाफी का विरोध कर रही है। इसके अलावा उन्होंने अनेक बातें कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *