
मुख्यमंत्री ने कटंगी में 245 करोड की लागत के विकास कार्यों का किया लोकार्पण, भूमिपूजन
नेशनल पार्क से लगे किसानों के खेतों की सुरक्षा के लिये लगाई जाएगी सोलर फेंसिंग
जिले के 3500 युवाओं को मिला रोजगार, मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र
बालाघाट। पहले लोग बालाघाट के नाम से ही घबराते थे और यहां आने के लिये विचार करते थे। कभी क्षेत्र के युवा रोजगार की तलाश में भटकते हुए गलत राह पर चल पड़े थे, लेकिन अब समय बदल गया है। उन्होंने कहा कि यहां के किसानों और जवानों के खून-पसीने से क्षेत्र की तस्वीर बदली है और विकास की नई राहें खुली हैं। प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। यह बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही। सीएम डॉ यादव बालाघाट जिले के कटंगी में मुख्यमंत्री कृषि उन्नति योजना के अंतर्गत धान उत्पादक किसानों को प्रोत्सांहन राशि वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री कृषि उन्नति योजना अंतर्गत प्रदेश के 669272 किसानों के खाते में 337.12 करोड रुपये के धान प्रोत्साहन राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। उन्होंने 244 करोड 52 लाख रुपये के 78 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया तथा जिले के ग्रामीण व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 3500 युवाओं को प्रायवेट कम्पनियों में नियुक्ति के पत्र सौपें। कार्यक्रम में बालाघाट, मंडला, डिंडौरी जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के 815 युवाओं को विशेष सहयोगी दस्ता में नियुक्ति के पत्र दिये गयें। विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। वहीं आयोजन स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया।
सीएम ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 815 युवाओं को पुलिस में विशेष सहयोगी दस्ता के पद पर नियुक्ति कर न केवल उनका भविष्य सुरक्षित किया जा रहा है, बल्कि क्षेत्र की रक्षा और सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्थानीय लोगों से बेहतर अपने क्षेत्र को कोई नहीं जानता, इसलिए उनकी भागीदारी से विकास और सुरक्षा दोनों मजबूत होंगे।
प्रदेश में गौ हत्या प्रतिबंधित, गाय को परेशान करने वाला समाज में नहीं जेल में होगा
कांग्रेस ने गौ-मांस के टैक्स को लेकर मध्यप्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस आरोप पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हमारी मान्यता है गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है। हम गौ-हत्या की सोच भी नहीं सकते। कांग्रेसियों का गौमाता से कोई लेना देना नहीं। वह तो गौमाता के हत्यारों की रिश्तेदार है। उसने ही दशकों पहले करपात्री महाराज और साधु संतों पर गोलियों तक चलवाईं। कांग्रेस ने अपना गाय-बछड़े का चुनाव चिन्ह बदलकर पंजा कर दिया। कांग्रेस के इस पाप को जनता कभी माफ नहीं करेगी। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने गौ-हत्या पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। हम गौ-माता के प्रति ऐसी बात तो सोच भी नहीं सकते। कोई गौ-माता को काटने की तो छोड़ो, अगर उसको परेशान भी करेगा तो हमारी सरकार उसे उठाकर जेल में डाल देती है। हमने कानून बनाया है। हमने कई ट्रक और गाडिय़ा जब्त की हैं, जिनमें भरकर गौवंश की तस्करी की जा रही थी। हम जब गौ-हत्यारों को पकडऩे जाते हैं तो कांग्रेसी हाय रे-हाय रे चिल्लाने लगते हैं। कांग्रेस को गौमाता से कोई लेना-देना नहीं। इनकी गौ-हत्यारों से रिश्तेदारी है। कांग्रेसी किसी के नहीं हो सकते। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गौ पालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिसके घर गाय वह गोपाल की परिकल्पना के तहत 25 से अधिक गायों का पालन करने वाले व्यक्तियों को 40 लाख रुपये तक का ऋण तथा 10 लाख रुपये तक का अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी तरह गौशालाओं में भी प्रति गाय 40 रुपये अनुदान राशि प्रदान कर गौ संरक्षण और प्रबंधन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कांग्रेस अपने कर्मों से 20 साल से सत्ता से बाहर
सीएम ने कहा कि बहनों को चुनाव के पहले एक हजार, पिछले साल 1250, रक्षाबंधन पर 250 रुपये अलग से दिए। नालायक कांग्रेसी कहते हैं कि बहनों को पैसे दो तो शराब पी जाती हैं। उन्होंने बहनों से कहा कि कोई कांग्रेसी गली-मोहल्ले आए तो उनका हिसाब चुकता करना। अपने इन्हीं कर्मों की वजह से कांग्रेस 20 साल से सत्ता से बाहर है। कांग्रेसी पहले लाड़ली बहनों को गाली दे रहे थे, अब नई कहानी शुरू की है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में गौ-मांस को टैक्स फ्री कर दिया। अब कोई इन मूर्खों से पूछे कि 2004 के पहले उनकी सरकार थी, उस वक्त जो उन्होंने जो किया तो उसका हिसाब लेंगे। हमारे यहां कोई भी गौ-हत्या संभव नहीं है।
सीएम ने की ये घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कटंगी-सिवनी सडक़ मार्ग पर खिडक़ीघाट में उच्च स्तरीय पुल, कटोरी-भोरगढ़ पंचायत मार्ग, खमरिया-बिसापुर, कोडबी-महकेपार, कटेदरा-मानेगांव, बोपली-कटेरा, दिग्धा-कोडबी मार्ग सहित नंदलेसरा-अतरी मार्ग पर चनई नदी पर पुल, बिछुवा-चंदाडोह मार्ग पर पुल निर्माण, कतरकना व दुधारा में स्वास्थ्य केन्द्र निर्माण, नवेगांव, टेकाड़ी तथा लिंगापौनार के हाईस्कूल का हायर सेकेंडरी में उन्नयन करने और कटंगी नगरीय क्षेत्र के तालाब के उन्नयन कार्य हेतु 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा राजीव सागर परियोजना से नहलेसरा बांध की इंटरलिंकिंग परियोजना का परीक्षण कर कार्य कराए जाने, नेशनल पार्क से लगे किसानों के खेतों की फसलों की जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग लगाने की भी घोषणा की। इसी तरह पिछले दिनों बाघ के हमले के कारण मृत व्यक्तियों के परिजनों को पूर्व में दी गई 8-8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के अतिरिक्ति 17-17 लाख रुपये राशि प्रदाय करने की घोषणा की।
