
किसानों के लिए भावांतर योजना शुरू….. हिनौता बांध लोकार्पित, लाड़ली बहनों को भाई-दूज पर मिलेंगे 1500
विदिशा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि गरीब कल्याण के साथ चहुँमुखी विकास के लिए राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेशवासियों का जीवन बेहतर बनाने और किसानों की बेहतरी के लिए राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री यादव विदिशा जिले के कुरवाई में शनिवार को आयोजित लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जहाँ उन्होंने 258 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने कुरवाई एवं विदिशा जिले के विकास के लिए 92 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत के 46 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 165 करोड़ रुपये की लागत के 34 कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें 7 करोड़ 36 लाख रुपये की महत्वपूर्ण हिनौता बांध परियोजना भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित केन-बेतवा लिंक परियोजना के मॉडल का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा कर प्रदेश में भावांतर योजना लागू करने की घोषणा की। इस साल सोयाबीन की फसल की बिक्री पर किसानों को 5328 रुपये प्रति क्विंटल की राशि मिलेगी, और अंतर की राशि सरकार 15 दिन के अंदर उनके बैंक खातों में जमा करेगी।
उन्होंने कहा कि विदिशा जिले में खराब हुई फसलों का सर्वे कराया जाएगा और किसानों को राहत राशि, बीमा आदि का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा, हम किसानों के लिए जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं।
:: जनता के लिए प्रमुख घोषणाएँ ::
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 10 प्रमुख घोषणाएं भी कीं:
- नगर परिषद कुरवाई के विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ की राशि।
- पठारी में महाविद्यालय खोला जाएगा।
- कुरवाई में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन कर 50 बिस्तर का बनाया जाएगा।
- भाई-दूज पर लाड़ली बहना योजना में बहनों को 1500 रुपये की राशि दी जाएगी।
- कुरवाई, लटेरी और नटेरन में 50-50 बिस्तर के नए छात्रावास खोले जाएंगे।
- उदयपुर में नीलकंठेश्वर कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा।
- बीना रिफाइनरी के सहायक उत्पादों के लिए औद्योगिक क्षेत्र का विकास किया जाएगा।
:: स्वदेशी, शिक्षा और सुरक्षा पर ज़ोर ::
मुख्यमंत्री ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए स्कूटी, निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें, साइकिल और छात्रावास की सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने सड़क सुरक्षा के तहत घायल की जान बचाने वाले को राहवीर योजना में 25 हजार रुपये का प्रोत्साहन देने का भी ज़िक्र किया।
