
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष कावरे ने कहा भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा बेनकाब
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा महिलाओं का हुआ अपमान
बालाघाट। प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा कांग्रेसी नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर दिए गए अशोभनीय बयान पर कांग्रेसियों ने पलटवार किया है। जिले के कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि मंत्री विजयवर्गीय भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को बदनाम न करें। इस तरह की अशोभनीय टिप्पणी से भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा बेनकाब हो रहा है। मंत्री विजयवर्गीय के पुतला दहन के बाद शनिवार को प्रदेशभर में कांग्रेस की महिला प्रतिनिधियों ने प्रेस कांफ्रेंस कर इस बयान का विरोध जताया। स्थानीय सर्किट हाउस में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हीना कावरे, जिला अध्यक्ष व बैहर विधायक संजय उइके ने पत्रकारों से चर्चा कर बयान की आलोचना की।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हीना कावरे ने कहा कि यह देश विभिन्न जातियों से भरा है। सभी डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के संविधान के आधार पर आगे भी बढ़ रहे हैं। सभी मिलकर एक-दूसरे के साथ आपसी भाईचारे के साथ रह रहे हैं। लेकिन जब से भाजपा की सरकार सत्तासीन हुई है तब से देश में दो संविधान काम कर रहे हैं। एक बाबा साहब आंबेडकर का संविधान और दूसरा भाजपा निर्मित। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा बनाए गया संविधान लोगों को यह बताता है कि उन्हें क्या करना है, क्या पहनना है, कहां जाना है और कहां नहीं जाना है। उन्होंने कहा कि जब मंत्री विजयवर्गीय दिल्ली पहुंचे थे, राजनीतिक उथल-पुथल होने की चर्चाएं थी। लेकिन दिल्ली से सीखकर आए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने उनके ही निर्मित संविधान के आधार पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर अमर्यादित बयान दे दिया, जो भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर कलंकित सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब के संविधान से हमें निजता का मौलिक अधिकार मिला है। जिसमें अपने लोगों के साथ अपनी भावनाएं जुड़ी होती हैं, जो सुख-दुख में परिवार के सदस्यों को गले लगाकर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हैं। लेकिन इस पर मंत्री विजयवर्गीय का बयान की न केवल निंदा करते हैं। बल्कि उसका हर तरह से विरोध भी जताते हैं। प्रदेश सरकार के मंत्री कुंवर विजय शाह द्वारा विजयवर्गीय के बयान का समर्थन करने के सवाल पर पीसीसी उपाध्यक्ष हीना कावरे ने कहा कि जब भाजपा ने ऑपरेशन सिंदूर का नेतृत्व करने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए बयान के बाद उन्हें बर्खास्त नहीं किया, तो उनसे और क्या अपेक्षा की जा सकती है। भाजपाईयों के इस तरह के बयान से उनका चाल, चरित्र और चेहरा बेनकाब होता है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष व बैहर विधायक संजय उइके ने कहा कि मंत्री विजयवर्गीय द्वारा दिया गया शर्मनाक बयान न केवल महिलाओं का अपमान है। बल्कि समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है। कांग्रेस इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने कहा कि मंत्री का यह बयान भाजपा की महिलाओं के प्रति कथनी और करनी में अंतर को दर्शाता है।
