चैतन्यानंद ने लड़कियों के बाथरूम में कई कैमरे लगवा रखे थे, जो मोबाइल फोन से कनेक्ट थे

आगरा। दिल्ली पुलिस ने विवादित बाबा चैतन्यानंद को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबा की गिरफ्तारी का यह ऑपरेशन फिल्मी अंदाज में किया गया। दरअसल, दिल्ली पुलिस बाबा के बारे में सुराग मिलने के बाद आगरा पहुंची थी। यहां एक होटल में रात साढ़े तीन बजे पहुंचकर बाबा को गिरफ्तार किया। होटल कर्मी का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई करीब 30 मिनट तक चली। इस होटल में बाबा ने अपना नाम चैतन्यानंद की जगह कुछ और बताया था।
शनिवार की शाम करीब 4 बजे चैतन्यानंद आगरा के होटल द फर्स्ट में पहुंचा। होटल कर्मचारी का कहना है कि बाबा ने आईडी दी, औपचारिकताएं पूरी करने के बाद होटल का रूम नंबर 101 दिया, जिसमें बाबा रुकने चला गया है। बाबा ने होटल के रजिस्टर में जो नाम लिखा, वहां चैतन्यानंद नहीं, बल्कि स्वामी पार्थसारथी लिखा था। होटल के रजिस्टर में 27 सितंबर की शाम 4 बजकर दो मिनट का समय दर्ज है।

रात साढ़े तीन बजे होटल के रिसेप्शन पर दो लोग पहुंचे। उन्होंने खुद को दिल्ली पुलिस का बताकर कर्मचारी से कमरा नंबर 101 की जानकारी मांगी गई। भारत ने कमरे की लोकेशन बता दी। दोनों लोगों ने कमरे का दरवाजा खुलवाया और चुपचाप बाबा को अपने साथ ले गए। दिल्ली पुलिस कई दिन से चैतन्यानंद की तलाश में थी। आगरा से बाबा की गिरफ्तारी की यह पूरी प्रक्रिया करीब 30 मिनट चली।
बता दें कि दिल्ली के पॉश इलाके में चैतन्यानंद की एक आलीशान कोठी है। वह खुद को आध्यात्मिक गुरु, शिक्षाविद और थिंकर के रूप में पेश करता था। उसका संस्थान श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट और भारतीय परंपरा के मेल का पाठ पढ़ाने के नाम पर चलता था। लेकिन आरोप है कि इसी संस्थान को उसने ‘डर्टी गेम्स की पाठशाला’ बना दिया। एफआईआर में पीड़ित छात्राओं ने आरोप लगाया है कि चैतन्यानंद देर रात कमरे में बुलाता था। आपत्तिजनक मैसेज भेजता था। डीन व स्टाफ के जरिए दबाव डलवाता था। विदेश यात्राओं पर साथ चलने को कहता था।
चैतन्यानंद ने लड़कियों के बाथरूम में कई कैमरे लगवा रखे थे, जो मोबाइल फोन से कनेक्ट थे
दिल्ली में 17 छात्राओं के उत्पीड़न के आरोपी स्वयंभू बाबा चैतन्यानंद सरस्वती को पटियाला हाउस कोर्ट ने 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस के एसीपी ने कोर्ट को बताया कि चैतन्यानंद लड़कियों के साथ न सिर्फ कालेज में छेड़छाड़ करता था बल्कि धमकाता था और अश्लील मैसेज भेजता था। उसने लड़कियों के बाथरूम में कई कैमरे लगवा रखे थे, जो चैतन्यानंद के मोबाइल फोन से कनेक्ट थे।
दिल्ली पुलिस ने रविवार सुबह आगरा से गिरफ्तार किए गए 62 वर्षीय चैतन्यानंद को दोपहर करीब 3:40 बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट रवि के सामने पेश किया। बहस के दौरान प्रॉसिक्यूशन ने आरोप लगाया कि चैतन्यानंद ने कई छात्राओं से छेड़छाड़ की और उनसे यौन संबंध बनाने की मांग की। पीड़िताओं ने अपनी गवाही में आरोपों की पुष्टि की है।
अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया कि चैतन्यानंद लड़कियों को धमकियां देता था। उन पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। कई कैमरे बाथरूम में भी लगे थे। करीब 16 लड़कियों ने शिकायत की है। कई अन्य आरोपों की पुष्टि की जानी है, ऐसे में पुलिस कस्टडी जरूरी है।
