
अब एसपी ऑफिस पहुंचे ज्वेलरी व्यवसायी ने दिया भोपाल में आत्मदाह की चेतावनी
गुना। शहर की दुकान को लेकर मालिक और किरायेदार में हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ गया है। जिसमें कोतवाली टीआई सीपीएस चौहान की कथित एकतरफा भूमिका को लेकर पहले व्यापारी लामबंद हुए अब स्वयं पीडि़त व्यापारी ने भी एसपी ऑफिस पहुंचकर प्रताडऩा के आरोप लगाते हुए आत्मदाह करने की चेतावनी दी। इस मौके पर व्यापारियों के साथ एसपी कायार्लय पहुंचे स्थानीय ज्वेलरी व्यवसायी देवकीनंदन सोनी ने कोतवाली थाना प्रभारी पर तीखे आरोप लगाए और सुनवाई न होने पर 6 अक्टूबर को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री आवास के सामने परिवार सहित आत्मदाह करने की चेतावनी दे दी। देवकीनंदन के अनुसार 28 सितंबर को उन्हें कोतवाली बुलाया गया और कहा गया कि उनकी 25 साल पुरानी दुकान 24 घंटे में खाली करनी होगी। जब उन्होंने दुकान के अनुबंध और अन्य कानूनी दस्तावेज प्रस्तुत कर कानूनी प्रक्रिया के तहत सुनवाई की मांग की, तो थाना प्रभारी ने कथित रूप से अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया और उन्हें कोतवाली से बाहर निकाल दिया। व्यापारी का दावा है कि यह पूरा घटनाक्रम कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरों में दर्ज है।
व्यापारी ने पहले भी मामले की शिकायत एसपी कार्यालय को लिखित रूप में दी थी, लेकिन उनके अनुसार प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस संबंध में विगत दिवस बड़ी संख्या में लामबंद व्यापारियों ने एसपी ऑफिस में जमकर टीआई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें हटाने की मांग की गई थी। अब ज्ञापन देने वाले लोगों के खिलाफ उल्टे दबाव बनाए जा रहे हैं और कुछ लोगों को तलब कर उनके बयान लिए जा रहे हैं। साथ ही, उन्हें और उनके परिजनों को धमकियां मिलने की भी बात कही गई, जिससे उनका मानसिक संतुलन प्रभावित हो गया है। व्यापारी ने स्पष्ट कहा कि यदि 6 अक्टूबर तक इस मामले में निष्पक्ष और समुचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चित समय पर राज्य की सर्वोच्च न्यायिक व प्रशासनिक इमारत के समक्ष यह कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।
