Spread the love

11 से 20 अक्टूबर तक तहसील ग्राउंड दमोह में दीपावली मेले का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा

दमोह:  कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक तहसील ग्राउंड दमोह में दीपावली मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले का उद्देश्य छोटे व्यापारियों और स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन देना और जनता को दीपावली से जुड़ी सभी वस्तुएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

            कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि मेले का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। पहला चरण 11 से 15 अक्टूबर तक, इस चरण में ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के लगभग 80 स्व-सहायता समूह अपने उत्पादों के साथ स्टॉल लगाएंगे। यह समूह अपने हस्तनिर्मित उत्पादों और दीपावली से जुड़ी सामग्री का विक्रय कर सकेंगे। मेले का समय दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक रहेगा। दूसरा चरण 16 से 20 अक्टूबर तक, इस चरण में केवल दीपावली से जुड़ी वस्तुएं जैसे दीया-बाती, सजावट का सामान, पूजा सामग्री, फल, कमल का फूल, कमल गट्टा, सिंघाड़े आदि का विक्रय किया जाएगा। नगर पालिका द्वारा मेले में दुकानों के लिए प्लॉट का आवंटन किया जाएगा।

कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि छोटे व्यापारियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जो व्यापारी टेंट नहीं लगा पाते, उन्हें तहसील ग्राउंड में टाट-फट्टी बिछाकर दुकान लगाने की अनुमति दी जाएगी। इससे न केवल छोटे व्यापारियों को व्यापार का अवसर मिलेगा, बल्कि आम नागरिकों को भी दीपावली से जुड़ी सारी वस्तुएं एक ही स्थान पर सुलभ होंगी।उन्होंने कहा कि इस बार प्रयास किया गया है कि शहर के मुख्य बाजारों में भीड़ और यातायात अव्यवस्था न हो, इसलिए मेला तहसील ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है, जिससे लोगों को सुविधा हो और व्यापारियों को बेहतर बिक्री का अवसर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *