
आकस्मिक कार्यवाही से मचा हडक़ंप ………..अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की जा रही है कार्यवाही
बालाघाट। जीएसटी विभाग ने मंगलवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्यवाही की। मालवाहक वाहनों से परिवहन किए जा रहे सामानों में कर चोरी की आशंका के चलते विभाग ने अनेक वाहनों को जब्त किया। उन्हें संबंधित थाना, चौकियों में खड़ा करवा दिया गया है। इस कार्यवाही से मालवाहक वाहनों और व्यापारियों में हडक़ंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार जीएसटी विभाग ने कोतवाली क्षेत्र के औद्यागिक नगरी गर्रा में कार्यवाही करते हुए वाहनों को जब्त किया। इन वाहनों को गर्रा हाईवे चौकी में खड़ा करवा दिया गया है। इस दौरान मालवाहक वाहनों में जो सामग्री परिवहन की जा रही है, उस सामग्री में जीएसटी टेक्स जमा करें है या नहीं के बारे में जांच की जा रही है। कर आयुक्त के निर्देशानुसार सहायक कर आयुक्त सरिता सिरसाम के नेतृत्व में यह कार्यवाही की जा रही है। उल्लेखनीय है कि आगामी समय में दीपोत्सव आ रहा है। जिसके चलते विभिन्न प्रकार के सामानों की डिमांड बढऩे लगी है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए जिले के व्यापारी बड़ी मात्रा में अन्य राज्यों से सामान बुलवा रहे हैं। लेकिन इन सामानों में जीएसटी जमा है या नहीं, इसकी अब विभाग जांच कर रहा है।
जीएसटी डिपार्टमेंट अधिकारी डीएल पटले ने बताया कि विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्यवाही की जा रही है। यह कार्यवाही पूरे जिले में जारी है। टीम आकस्मिक रुप से वाहनों की जांच कर उनके परिवहन सामग्री के बिल में जीएसटी टैक्स के लिए दस्तावेजों की जांच कर रहा है। उन्होंने बताया कि अधिनियम के तहत कुछ खामियों के चलते जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में आधा दर्जन से ज्यादा वाहन अभिरक्षा में लिए गए है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद आगामी दिनों में बिना जीएसटी जमा किए सामानों के परिवहन करने के मामले में जुर्माना भी लगाया जाएगा।
