Spread the love

जेल रोड पर भीषण सडक़ हादसे में महिला की मौत, जिंदगी और मौत से जूझ रहा पति

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दंपत्ति को ऐसा रौंदा की उखड़ गया पेड़, पांच घायल
गुना । शहर के जेल रोड पर आकाशवाणी के पास शुक्रवार सुबह हुए भीषण सडक़ हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। स्कॉर्पियो और बाइक के बीच भीषण आमने-सामने की टक्कर में महिला प्रियंका कुशवाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतिका महिला की पति की हालत गंभीर बताई जाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 08 सीए 6598 कैंट ओर से गुना की ओर आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक एमपी 08 एमसी 3220 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार दंपत्ति सडक़ पर जा गिरे। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग भगाकर आए।


स्थानीय रहवासी राजकुमार रघुवंशी के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पति-पत्नी करीब 20 फीट दूर जाकर गिरे। अनियंत्रित कार इसके बाद एक पेड़ से टकराई, जिससे पेड जड़ से उखड़ गया। कार में सवार पांच युवक भी घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार बहुत तेज थी। ड्राइवर ने ब्रेक लगाए, लेकिन कार करीब 50 फीट तक घिसटते हुए आगे चल रही बाइक से जा टकराई। बूढ़े बालाजी निवासी दीपक कुशवाह अपनी पत्नी प्रियंका को लेकर आंगनवाड़ी के किसी काम से जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसा बेहद दर्दनाक था। जिस महिला की मौत हुई, उसका आज व्रत था और उसके हाथों में मेहंदी लगी हुई थी। टक्कर के बाद वह सडक़ पर गंभीर हालत में पड़ी रहीं।
मृतिका की पहचान प्रियंका कुशवाह निवासी बूढ़े बालाजी साईं बिहार के रूप में हुई है। वह अपने पति दीपक कुशवाह के साथ बाइक से जा रही थीं। हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, स्कॉर्पियो में सवार चार युवक भी इस हादसे में घायल हो गए। इनमें शिवम धाकड़ (15), मोहित धाकड़ (18) निवासीगण खुजाखेड़ी थाना बजरंगगढ़, सचिन खटीक (19) निवासी केंट खटीक मोहल्ला, अश्विन रघुवंशी (18) निवासी किररोदा जिला अशोकनगर शामिल हैं। चारों युवक स्कॉर्पियो में सवार थे और हादसे में घायल हो गए। उन्हें भी गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो काफी तेज गति से चल रही थी और जेल रोड पर मोड़ के पास सामने से आ रही बाइक से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। मृतका के शव को पीएम के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद जेल रोड क्षेत्र में मातम और दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर रोजाना तेज रफ्तार वाहन दौड़ते हैं। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *