
खाद्य विभाग की छापामार कार्यवाही …………..जांच के लिए भेजा प्रयोगशाला
बालाघाट। आम जन को मिलावट रहित और गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिले में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर खाद्य सामग्री विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों की जांच के साथ ही खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भोपाल भेजे जा रहे हैं। इसी कड़ी में 9 अक्टूबर को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बैहर में छापामार कार्यवाही कर रसगुल्ला, खोवा, पनीर, कलाकंद, नमकीन, लड्डू के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश डोंगरे, वाजिद मोहिब एवं गीता तांडेकर की टीम ने 9 अक्टूबर को बैहर के प्रमुख होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी आदि का औचक निरीक्षण कर कार्यवाही की है। इस टीम द्वारा बैहर बस स्टैंड स्थित जय साइकिल स्टोर्स एजेंसी से रसगुल्ला, पनीर एवं खोवा, खेतेश्वर राजस्थान स्वीट्स से कलाकंद, नमकीन, मगज के लड्डू, कदम स्वीट्स से पेढ़ा, अशोका होटल से कलाकंद, नमकीन, मगज के लड्डू, सांई मिष्ठान भंडार से मिल्क केक, नमकीन एवं खोवा के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए एकत्र किये गए है और भोपाल भेजे गये हैं। इन सभी होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को साफ-सफाई, स्वच्छता एवं खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही टीम द्वारा बस स्टैंड परिसर बैहर में स्थित विभिन्न रेस्टोरेंट और बेकरी की जांच करते हुए उन्हें भी त्योहारों के मद्देनजर साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने एवं शुद्ध खाद्य सामग्री का ही विक्रय करने के निर्देश दिए गए।
