छतरपुर । नपा कार्यालय में सोमवार दोपहर को न्यायालय के आदेश पर सीएमओ के कक्ष का सामान जब्त किया गया है। एक व्यक्ति ने नगर पालिका से नाली बनवाने को लेकर शिकायत की थी। लेकिन, नपा ने उसके घर के पास नाली नहीं बनाई, उल्टा उसे ही नोटिस दिया था।इसके बाद परेशान होकर आवेदक ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय ने शनिवार को नगर पालिका सीएमओ माधुरी शर्मा के खिलाफ प्रथम श्रेणी न्यायाधीश अरविंद सिंह गुर्जर ने कुर्की का आदेश दिया है। सोमवार को न्यायालय के कर्मचारियों ने 7 कुर्सी, टेबल, 2 पंखे और एसी जब्त कर ली। वहीं कुर्की की जानकारी लगने पर सीएमओ माधुरी शर्मा मौके से गाड़ी लेकर निकल गई।आवेदक काशीप्रसाद साहू ने बताया कि उसका भवन छत्रसाल चौराहा महल रोड पर जिला अस्पताल के सामने स्थित है। जिसमें उनका बेटा जीतेंद्र साहू महाजन मेडिकल स्टोर के नाम से दुकान संचालित करता है।वर्ष 2016 के सितम्बर माह में छत्रसाल चौराहा से महल रोड की ओर पूर्व दिशा में आरसीसी का फुटपाथ बनाया गया था। लेकिन अन्य मिठाई और फल विक्रेताओं ने दक्षिण से उत्तर की ओर बहाए जाने वाले गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की। जिससे वहां बारिश का पानी जमा हो रहा है। नव निर्मित फुटपाथ के आगे कच्चा सेप्टिक टेंक बना है, दुकान के आस-पास गंदा पानी जमा हो रहा है।

सीएमओ ने दिया था समुचित व्यवस्था करने का आश्वासन
इसके बाद आवेदक ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया गया और सभी दस्तावेज प्रस्तुत किए। जिसके बाद नपा सीएमओ ने न्यायालय में जवाब दिया कि नगरपालिका छतरपुर ने छत्रसाल चौराहा महल रोड जिला चिकित्सालय के सामने बह रहे गंदे पानी की निकासी के लिए समुचित व्यवस्था कर दी गई है। इसके बावजूद नपा ने वहां कोई नाली निर्माण नहीं कराया, बल्कि आवेदक के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया था। इस पर आवेदक काशी प्रसाद साहू ने न्यायालय को फिर से अवगत कराया। कोर्ट ने आदेश जारी कर सीएमओ माधुरी शर्मा के खिलाफ कुर्की का आदेश पारित किया था।मामले में न्यायालय कर्मचारी रमेश प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर सीएमओ के कार्यालय का सामान जब्त किया गया है।
