Spread the love

जादू टोना के शक में की गई थी बुजुर्ग की हत्या
बालाघाट। बिरसा थाना पुलिस ने अंधे हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। 24 घंटे के भीतर हत्या के आरोप में मृतक के चचेरे भाई मोहर सिंह पिता झीटू सिंह उर्फ जीतू सिंह नेताम 45 वर्ष निवासी सुंदरवाही को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने ही चचेरे भाई की जादू-टोना के शक में कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सुंदरवाही में 12 अक्टूबर की रात्रि में 65 वर्षीय पिरम सिंह नेताम की अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। 13 अक्टूबर को सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया। मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया। एएसपी बैहर आदर्शकांत शुक्ला और एसडीओपी बैहर करणदीप सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिरसा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर मृतक के चचेरे भाई मोहर सिंह पर संदेह होने पर उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। जिसने पूछताछ में बताया कि उसे शक था कि पिरम सिंह नेताम उस पर और उसके परिवार पर जादू-टोना करता था, जिसके कारण वे लोग बार-बार बीमार पड़ते थे। कुछ समय पहले भाई की मृत्यु हो गई थी। जिससे उसे शक और गहरा गया कि उसके भाई की मौत जादू-टोना के कारण हुई है। अंधविश्वास और गलत धारणा के कारण आरोपी मोहर सिंह ने पिरम सिंह की रात्रि में सोते समय मौका पाकर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *