
कहा- महागठबंधन को मिलेगी मजबूती, महाराष्ट्र वाली गलती मत दोहराओ
मुंबई। बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव को महागठबंधन का सीएम उम्मीदवार घोषित करने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी बेहद लोकप्रिय उम्मीदवार हैं और उनकी अगुवाई में महागठबंधन को मजबूती मिलेगी। साथ ही प्रियंका ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे और उम्मीदवार चयन में हुई गलतियों को बिहार में दोहराए जाने के खिलाफ चेतावनी भी दी। बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होगा और परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में जो गलतियां हुईं, जैसे कि सीएम उम्मीदवार की घोषणा न करना, साथ ही तीन गठबंधन सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे और उम्मीदवार चयन को लेकर विवाद…ऐसी गलतियों को बिहार में नहीं दोहराया जाना चाहिए। तेजस्वी एक बहुत लोकप्रिय उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव वर्तमान सीएम नीतीश कुमार और अन्य तथाकथित सीएम पद के दावेदारों के साथ कांटे की टक्कर हैं। उन्होंने उपमुख्यमंत्री के रूप में शानदार काम किया है। इसलिए यही समय है कि इंडिया गठबंधन के हिस्से के रूप में और इसकी भावना को ध्यान में रखते हुए, हम उस पार्टी का समर्थन करें जो मजबूत स्थिति में है। तेजस्वी को समर्थन दिया जाना चाहिए, उनकी मदद की जानी चाहिए और उन्हें सीएम उम्मीदवार के रूप में घोषित किया जाना चाहिए।
