Spread the love

पटना। मोकामा में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी दुलारचंद की हत्या मामले में अनंत सिंह को रविवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेजा गया है। 3 महीने बाद वो फिर से बेऊर जेल में रहेंगे। इससे पहले 6 अगस्त को अनंत सिंह मोकामा गोलीकांड में बेउर से बाहर आए थे। रविवार को ही पुलिस पेशी के लिए अनंत सिंह को ब्लैक स्कॉर्पियो में लेकर पटना सिविल कोर्ट पहुंची थी। इस दौरान अनंत सिंह की तस्वीर भी सामने आई थी। वो सफेद पैंट-शर्ट और काले चश्मे में दिखाई दिए।
पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने 150 पुलिस वालों के साथ अनंत सिंह को देर रात उनके बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढऩा में कारगिल चौक स्थित घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने अनंत सिंह को घर से उठाया और पटना लेकर आई। इसके बाद रात 2 बजे पटना डीएम और एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। 11 घंटे से अनंत सिंह रंगदारी सेल में थे। बताया जाता है कि वो रात भर सोए नहीं और पुलिस से कहते रहे कि घटना के वक्त मैं काफिले से आगे निकल चुका था, पीछे क्या हुआ मुझे पता नहीं।


अनंत सिंह पर दुलारचंद की हत्या का आरोप
दुलारचंद यादव के परिवार वालों ने उनकी हत्या का आरोप अनंत सिंह पर लगाया है, जिसके बाद उनके खिलाफ पुलिस एक्शन का दबाव बढ़ता जा रहा था। पुलिस मामले में सबूतों की पड़ताल कर रही थी और जांच आगे बढऩे के साथ 1 नवंबर की रात अनंत सिंह की गिरफ्तारी हुई। घोसवरी थाने में अनंत सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ इस हत्याकांड के सिलसिले में एफआईआर दर्ज हुई है।
मोकामा हत्याकांड में अधिकारियों पर एक्शन
मोकामा विधानसभा क्षेत्र में दुलारचंद यादव की हत्या के बाद चुनाव आयोग ने 3 अधिकारियों का तबादला और 1 अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बाढ़-1 क्षेत्र के एसडीओ और मोकामा विधानसभा सीट के रिटर्निंग ऑफिसर चंदन कुमार को हटा दिया गया है। उनकी जगह पटना नगर निगम के एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर आशीष कुमार को भेजा गया है। बाढ़ के एसडीपीओ (सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर) राकेश कुमार की जगह पर पटना सीआईडी के डीएसपी आनंद कुमार सिंह को भेजा गया है। जबकि बाढ़-2 क्षेत्र के एसडीपीओ अभिषेक सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है और उनकी जगह पटना से एटीएस के डीएसपी आयुष श्रीवास्तव को भेजा गया है। चुनाव आयोग ने पटना (ग्रामीण) के एसपी विक्रम सिहाग का ट्रांसफर कर दिया।
पटना में पहले से ज्यादा सख्ती होगी
बाहुबली की गिरफ्तारी के बाद पटना डीएम डॉ, त्यागराजन और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मोकामा विधानसभा क्षेत्र में हुई घटना को जिला प्रशासन और पुलिस ने बहुत गंभीरता से लिया है। हमने मामले में कई कार्रवाई की है। आदर्श आचार संहिता पूरी चुनाव प्रक्रिया का एक मजबूत स्तंभ है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अगर कोई असामाजिक तत्व कानून या आदर्श आचार संहिता के खिलाफ जाने की कोशिश करता है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमने 100 प्रतिशत हथियार जमा करने के निर्देश दिए हैं। सभी वैध हथियार जल्द ही जमा कर दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *