Spread the love

कर्नाटक, हरियाणा, महाराष्ट्र और बिहार में वोट चोरी के आरोपों के बाद अब मप्र पर फोकस

भोपाल/नई दिल्ली । बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण का मतदान खत्म होने के बाद दूसरे चरण के चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है। इस बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मप्र के दौरे पर आ रहे हैं। राहुल गांधी शनिवार को कांग्रेस के पचमढ़ी में चल रहे नव सृजन अभियान प्रशिक्षण में भाग लेने आ रहे हैं। राहुल कांग्रेस के जिलाध्यक्षों को चुनाव जीतने का मंत्र देंगे। गांधी रात पचमढ़ी में ही रुकेंगे। बताया जा रहा है कि पचमढ़ी में कांग्रेस भाजपा के पन्ना प्रमुखों से बनने की रणनीति बनाएगी। ऐसे में राहुल गांधी के इस दौर के कारण मप्र राजनीति के केंद्र में आ गया है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी इनदिनों कांग्रेस को मजबूत करने के साथ ही भाजपा को घेरने के अभियान में जुटे हुए हैं। उन्होंने वोट चोरी को हथियार बनाया है। उन्होंने कर्नाटक, हरियाणा, महाराष्ट्र और बिहार में वोट चोरी के आरोप लगाकर भाजपा और चुनाव आयोग को कटघरे में ला दिया है। ऐसे में अब उनका मप्र दौरा चर्चा का केंद्र बन गया है। राहुल गांधी पचमढ़ी दौरे पर होटल हाइलैंड में चल रहे कांग्रेस जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे और उन्हें संबोधित करेंगे। राहुल पचमढ़ी में पहाड़ी पर स्थित रविशंकर भवन (मुख्यमंत्री निवास) में नाइट स्टे करेंगे।
जिलाध्यक्षों से वन-टू-वन भी
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इस शिविर में राहुल गांधी भाजपा के पन्ना प्रमुखों का मुकाबला करने की रणनीति पर भी चर्चा करेंगे। यही नहीं इसको लेकर रणनीति भी बनाई जाएगी। ताकि देशभर में उसे लागू कर कांग्रेस को सशक्त बनाया जा सके। इसके लिए शिविर में राहुल गांधी नव सृजन अभियान के तहत चलाए गए स्पेशल ड्राइव के बाद बनाए गए जिलाध्यक्षों से अलग-अलग विषयों पर वन-टू-वन भी करेंगे। कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर 2 नवंबर से शुरू हुआ है जो 12 नवंबर तक चलेगा। प्रशिक्षण में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल होंगे, लेकिन उनका कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। प्रशिक्षण के आयोजन से लेकर संचालन की जिम्मेदारी सर्वोदय संस्था महाराष्ट्र से जुड़े कांग्रेस प्रशिक्षण के प्रभारी सचिन राव और सांसद निशिकांत सैंथिल संभाल रहे हैं। वहीं मप्र से प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी हैं। कांग्रेस के प्रदेश में संगठनात्मक 71 जिले हैं। जिनमें कांग्रेस ने ऑब्जर्वर की रिपोर्ट के आधार पर जिलाध्यक्ष बनाए हैं।
ग्लोबल पॉलिटिक्स पर करेंगे संवाद
राहुल गांधी संगठन सृजन अभियान के तहत सतपुड़ा की वादियों के बीच पचमढ़ी में जारी इस शिविर को संबोधित करेंगे। जानकारी के मुताबिक, राहुल यहां कार्यकर्ताओं से ग्लोबल पॉलिटिक्स ऑफ इंडिया विषय पर संवाद करेंगे। संविधान चर्चा के साथ वोट चोरी पर भी चर्चा हो सकती है। वे जिलाध्यक्षों को न केवल संबोधित करेंगे, बल्कि उनसे वन-टू-वन भी करेंगे। इसमें वे जिले की सामाजिक, राजनीतिक परिस्थितियों, चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर बात कर सकते हैं।
जिलाध्यक्षों को मिलेगा बूस्टर डोज
राहुल गांधी पांच माह में दूसरी बार मध्यप्रदेश आ रहे हैं। इसके पहले वे संगठन सृजन अभियान के चलते 3 जून को भोपाल आए थे और कार्यकर्ताओं से संवाद किया था। उन्होंने स्पष्ट तौर से यह भी बताया था कि पार्टी में जिलाध्यक्ष ही पॉवरफुल होंगे। अब जबकि जिलाध्यक्ष के चुनाव हो चुके हैं तो राहुल फिर इन्हें संबोधित करने आ रहे हैं। माना जा रहा है कि राहुल के आने पर कार्यकर्ताओं को बूस्टर डोज मिलेगा और उनमें उत्साह बढ़ेगा। पार्टी अगले विधानसभा और लोकसभा चुनाव को फोकस रखकर काम कर रही है।
मिशन 2028 पर केंद्रित प्रशिक्षण
कांग्रेस के प्रशिक्षण में मिशन 2028 मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस जनों को वे सभी बातें बताई जा रही हैं जिसमें उन्हें ग्राउंड जीरो पर जाकर प्रदेश से लेकर जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर तक संगठन में नई जान फूंकना है। इससे सीधे आम जनता से कैसे आत्मीय संबंध बनाएं। उन्हें कांग्रेस की आजादी की लड़ाई में भूमिका और देश के आजाद होने के बाद देश में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। जिले से लेकर ब्लॉक स्तर तक संगठन को सशक्त बनाना है। जिला अध्यक्षों को बताया जा रहा है कि वे जमीनी स्तर पर संगठन में नई ऊर्जा कैसे लाएं, कैसे जनता से आत्मीय संबंध बनाएं और पार्टी की ऐतिहासिक भूमिका व स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को जनसंपर्क के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें।
मल्लिकार्जुन खरगे का अभी तक कार्यक्रम तय नहीं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उपस्थिति भी प्रस्तावित है, हालांकि उनका कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। शिविर का संचालन सर्वोदय संस्था, महाराष्ट्र के सचिन राव और सांसद निशिकांत सैंथिल कर रहे हैं, जबकि मध्यप्रदेश में समन्वय की जिम्मेदारी महेंद्र जोशी संभाल रहे हैं। प्रदेश के 71 संगठनात्मक जिलों में ऑब्जर्वर रिपोर्ट के आधार पर नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
भाजपा ने दौरे पर उठाए सवाल
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के पचमढ़ी दौरे को लेकर मप्र के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने तंज कसा। उन्होंने कहा आजाद भारत में किसी भी नागरिक को देश में आने जाने के साथ-साथ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी रहती है। हमारा प्रजातांत्रिक देश है। राहुल जी कहीं भी जा सकते, कहीं भी घूम सकते है। वैसे भी राहुल जी हर महत्वपूर्ण अवसर पर घूमते ही है। देश में जब चुनाव चलते है तब वे विदेश जाते है, बिहार में जब चुनाव चल रहे, तब मप्र आ रहे है, मुझे लगता है सही वक्त पर उनके सही निर्णय रहते है न, उसको प्रमाणित करता है।
सुरक्षा में 200 जवान तैनात
राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। राहुल की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ पचमढ़ी पहुंच गई। इसके अलावा पुलिस लाइन से 200 पुलिस अधिकारी और जवानों का फोर्स तैनात रहेगी। राहुल गांधी पचमढ़ी में कुल 19 घंटे रुकेंगे। 9 नवंबर को सुबह 10.20 बजे उनका हेलीकॉप्टर भोपाल के लिए उड़ेगा। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। कलेक्टर सोनिया मीना, एसपी डॉक्टर गुरकरन, सीईओ आईएएस हिमांशु जैन, एसडीएम समेत तमाम अधिकारियों ने पचमढ़ी संजय गांधी भवन में पहुंचकर मीटिंग भी की। हेलीपेड का निरीक्षण भी किया। पीडब्ल्यूडी द्वारा हेलीपेड की मरम्मत भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *