
लोकायुक्त पुलिस ने जब्त की थी ढाई करोड़ की संपत्ति
भोपाल । राज्य सरकार ने आय से अधिक संपत्ति मामले में वन विभाग में पदस्थ एसडीओ सतीश कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ कोर्ट में कार्रवाई के लिए अभियोजन स्वीकृति दे दी है। इस अधिकारी के विरुद्ध रीवा लोकायुक्त पुलिस ने पांच साल पहले छापा मारकर ढाई करोड़ से अधिक की संपत्ति और नकदी जब्त की थी जो आय से अधिक संपत्ति के दायरे में थी।
सामान्य प्रशासन विभाग की मंजूरी के बाद अब इस अधिकारी के विरुद्ध न्यायालय में चालान पेश किया जा सकेगा। जारी आदेश में कहा है कि क्रिमिनल लॉ संशोधन अधिनियम 1944 की धारा 3 के अंतर्गत यह अनुमति दी गई है। इसमें कहा है कि राज्य सरकार लोकायुक्त पुलिस संगठन रीवा द्वारा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व उमरिया में पदस्थ उप वन मंडल अधिकारी सतीश कुमार श्रीवास्तव और अन्य में भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई के लिए जांच अधिकारी को अधिकृत करती है। इस मामले में जांच अधिकारी नरेश कुमार बेहरा को कोर्ट में चालान पेश करने के लिए कहा है।
ढाई करोड़ की मिली थी संपत्ति
30 मार्च 2019 को रीवा लोकायुक्त पुलिस की 20 सदस्यीय टीम ने उप वन मंडल अधिकारी सतीश श्रीवास्तव के उमरिया स्थिति आवास में छापेमारी करने के बाद उमरिया आवास से ढाई लाख और सतना के घर से साढ़े तीन लाख रुपए नकद जब्त किए थे। जांच में अलग-अलग बैंकों में एक करोड़ से ज्यादा की नकदी होने की जानकारी मिली थी। इसके अलावा चार गाडिय़ां, भारी मात्रा में सोना और कई मकान होने की भी जानकारी लोकायुक्त के हाथ लगी थी। दोनों जगह कार्रवाई में एक करोड़ से ज्यादा की नकदी व बैंक दस्तावेज, 4 चार पहिया वाहन, करोड़ों रुपए का बंगला और कुछ प्लाट के कागजात मिले। श्रीवास्तव के सतना के राजेंद्र नगर गली नंबर 9 स्थित आवास, लोटस सिटी स्थित आवास और उमरिया के सरकारी आवास में एक साथ दबिश दी गई थी।
