Spread the love

सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल मामलों की लिस्टिंग प्रक्रिया पर किया सर्कुलर जारी
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सीनियर वकीलों को किसी भी बेंच के सामने मामलों का मौखिक उल्लेख करने पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने स्थगन और तत्काल मामलों की लिस्टिंग के लिए प्रक्रिया तय करने वाला एक सर्कुलर जारी किया है। इसके मुताबिक जमानत या जमानत रद्द करने, मृत्युदंड, हेबियस कॉर्पस, विध्वंस या अंतरिम राहत से संबंधित सभी नए मामले अगले दो कार्य दिवसों में लिस्ट किए जाएंगे। इसमें साफ कहा गया है कि किसी भी कोर्ट के समक्ष मौखिक उल्लेख के लिए किसी सीनियर वकील को इजाजत नहीं दी जाएगी। इसके बजाय, युवा जूनियर वकीलों को ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सर्कुलर में कहा गया है कि अगर कोई मामला अत्यंत तत्काल प्रकृति का हो, जैसे अग्रिम जमानत, मृत्युदंड, हेबियस कॉर्पस, बेदखली या विध्वंस से जुड़ा और तय तारीख पर लिस्टिंग का इंतजार न कर सके, तो प्रोफॉर्मा के साथ एक पत्र अधिकारी को सुबह 10:30 बजे से पहले देना होगा। अनावश्यक स्थगनों को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से भी कोर्ट ने निर्देश दिए हैं।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से कहा गया कि मामले का स्थगन केवल परिवार में मृत्यु, अधिवक्ता या पक्षकार-व्यक्ति की चिकित्सा, स्वास्थ्य स्थिति या कोर्ट को संतुष्ट करने वाले अन्य वास्तविक कारणों के मामलों में ही स्वीकार किया जाएगा। यह कदम न्यायिक प्रक्रिया को ज्यादा सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में उठाया गया है, जिससे तत्काल मामलों का निपटारा तेजी से हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *