
भाजपा के एसआईआर की समीक्षा बैठक में हुई चर्चा
बालाघाट। भाजपा प्रदेश मंत्री, एसआईआर छिंदवाड़ा संभाग प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने बुधवार को बालाघाट जिला कार्यालय में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एसआईआर स्वच्छ लोकतंत्र की मजबूती का सबसे प्रभावी साधन है। बीएलए-1 और बीएलए-2 भाजपा की चुनावी प्रक्रिया की रीढ हैं। एसआईआर प्रक्रिया लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक और संवैधानिक प्रक्रिया है। जिसका अनुपालन हर सरकार, चाहे किसी भी दल की हो, अनिवार्य रूप से करती है। यह केवल एक प्रशासनिक गतिविधि न होकर, लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए कार्यकर्ताओं को पूर्ण समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ इस कार्य में जुटना होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे ने कहा कि एसआईआर कोई साधारण या केवल एक दल से जुड़ी हुई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह आगामी वर्ष 2028 के विधानसभा और उसके बाद होने वाले लोकसभा चुनाव की जीत-हार को निर्णायक रूप से प्रभावित करने वाली चुनावी सफलता की कुंजी है। मतदाता सूची में मात्र एक गलती भी चुनाव परिणाम बदल सकती है। इसलिए कार्यकर्ताओं को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेरा बूथ सबसे मजबूत की अवधारणा को साकार करना होगा।
बैठक में प्रस्तावना रखते हुए बीएलए-1 परसवाड़ा जितेन्द्र चौधरी, कटंगी वरूण देशमुख, लांजी राजकुमार राणा ने कहा कि बीएलए-1 और बीएलए-2 केवल सूची भरने या दस्तावेज जुटाने वाले कार्यकर्ता नहीं, बल्कि भाजपा की चुनावी रणनीति के प्रहरी हैं। उन्होंने आग्रह किया कि बीएलए न केवल अपने शक्ति केंद्रों में, बल्कि प्रत्येक बूथ पर जाकर मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें, मंडल एवं बूथ स्तर पर बैठकें करें। 11 दिसंबर तक वैध मतदाताओं की सूची पूर्ण कर जमा करें। बैठक का सफल संचालन भाजपा जिला महामंत्री संजय मिश्रा ने किया वहीं आभार भाजपा जिला महामंत्री डॉ नरेंद्र भैरम ने माना।
