पुलिस ने कोतवाली से एसडीएम न्यायालय पेशी के दौरान निकाला जुलूस

दमोह। गायत्री शक्तिपीठ के पास एक घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कासिम खान सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार शाम उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस दौरान आरोपियों का कोतवाली से मुख्य गेट तक जुलूस भी निकाला गया। घटना रविवार दोपहर की है, जब फुटेरा वार्ड 3 के कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि कासिम खान ने अपने साथियों के साथ गायत्री शक्तिपीठ गेट के समीप रहने वाले चंदू उपाध्याय के घर में घुसकर मारपीट की थी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था। पीड़ित चंदू उपाध्याय ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने शुरुआत में उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की थी। इसके विरोध में सोमवार शाम को ब्राह्मण समाज ने एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आश्वासन दिया था।

आरोपियों को गिरफ्तार कर निकाला जुलूस
मामला दर्ज होने के बाद, पुलिस ने मंगलवार दोपहर आरोपियों को गिरफ्तार किया। शाम को उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपियों को कोतवाली से वाहन तक पैदल लाया गया था।
5 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया आरोपियों पर मामला दर्ज कर उन्हें एस डी एम न्यायालय में पेश किया गया है जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। गिरफ्तार हुए आरोपियों में अफसर उर्फ कासिम पिता गफ्फार खान निवासी पठानी मोहल्ला , उदय पिता हाकम सिंह ग्राम हथिनी, राजकुमार पिता बलिराम पटेल निवासी दमोह, पंकज पिता भगवानदास रैकवार सिविल वार्ड दमोह, विजेंद्र पिता कल्याण सिंह मांगज वार्ड निवासी दमोह शामिल हैं।
