Spread the love

इन्दौर । शहर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर, भाजपा विधायकों की रक्षा करेगी कांग्रेस… के पोस्टर लगाकर कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए अनूठा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में मौजूद कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि जब सरकार अपने भाजपा विधायकों की रक्षा ही नहीं कर सकती तो आमजन कैसे सुरक्षित रहेंगे। कांग्रेसियों का कहना है कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार में माफिया इतने मजबूत हो गए हैं कि सरकार के विधायकों को ही अपनी जान बचाने के लिए एसपी के पैर पड़ना पड़ रहे है। प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल, देवेंद्रसिंह यादव और गिरीश जोशी ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब खुद की सरकार में विधायक प्रदीप पटेल को खुद की जान बचाने की गुहार लगाने के लिए पुलिस की शरण में जाना पड़ा। विधायक संजय पाठक खुले रूप से कह रहे हैं मेरी जान को खतरा है, वहीं भाजपा के एक विधायक पटैरिया लगभग इस्तीफा दे चुके हैं, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव कह रहे हैं कि सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। पूर्व मंत्री अजय विश्नोई कह रहे हैं कि सरकार माफियाओं के सामने दंडवत हो गई है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सार्वजनिक रूप से मान चुके हैं कि गली-गली नशा बिक रहा है। खुद की सरकार में यह हालत हो गई है कि अब विधायक भी सुरक्षित नहीं हैं डरे हुए हैं। तो कांग्रेस में आ जाइए, कांग्रेस भाजपा विधायकों की रक्षा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *