Spread the love

इन्दौर। प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सोमवार को खुले मंच से कहा कि इन्दौर में राजस्थान के प्रतापगढ़ से मादक पदार्थों की तस्करी होती है। मादक पदार्थों के तस्करों के ख‍िलाफ सख्त कार्रवाई के लिए भोपाल के वरिष्ठ अध‍िकारियों को लगाना जरूरी है, ताकि राजस्थान पुलिस से समन्वय कर मादक पदार्थों के तस्करों को पकड़ा जा सके। विजयवर्गीय ने कहा कि ड्रग्स सप्लाय करने वाले तस्करों के नाम भी उनके पास है।
विजयवर्गीय सोमवार को फूटी कोठी फ्लाई ओवर का लोकार्पण कार्यक्रम को सम्बोध‍ित कर रहे थे। उन्होने कहा कि इन्दौर में ट्रेफ‍िक की समस्या के अलावा एक नई पैदा हुई है। आज हमारे नौजवान नशे की ओर दौड़ रहे है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में उन्होने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्रीजी आपके निर्देश पर पुलिस ने जो कार्यवाही की है, हमें संतोष है, लेकिन संतुष्ट‍ि नहीं है। चोर को पकड़ रहे है, लेकिन चोर की मां तक नहीं पहुंच रहे है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कहा कि आप मुख्यमंत्री के साथ ही इन्दौर प्रभारी मंत्री भी हैं, इसलिए आपके सख्त निर्देश की आवश्यकता है। उन्होने कहा कि इन्दौर अहिल्या माता की नगरी है, यहां संस्कार और संस्कृति है। महिलाओं के प्रति सम्मान है। आज भी रात को महिलाऍं निडर होकर निकलती है। कई बार नशे करने वाले लोग शहर को बदनाम करते है। विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री से कहा कि आप नशे के विरोधी है, आपने जो संकल्प लिया है, उसे पुरा करने का काम किया है। इसलिए नशे की तस्करी करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दें। विजयवर्गीय ने बताया कि राजस्थान के प्रतापगढ़ से इन्दौर सहित पूरे प्रदेश में ड्रग्स की सप्लाई हो रही है। उन्होंने मंच से यह भी कहा कि उनके पास कुछ नाम आए हैं, जिन्हें पुलिस के सामने लाना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *