Spread the love

जमानत मिलने पर गुस्साए परिजनों ने किया प्रदर्शन
ठाणे। एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के आरोपी को जमानत मिलने पर भीड़ भड़क गई। पीड़िता के माता-पिता समेत ठाणे की सैकड़ों महिलाओं ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। बताया गया है कि बच्ची के साथ छेड़खानी करने वाला आरोपी शिवसेना शिंदे गुट का उप विभाग प्रमुख और उसका नाम सचिन यादव है। ठाणे के भंडार आली इलाके में 11 साल की बच्ची से छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। इस मामले में आरोपी शिवसेना शिंदे गुट के उप विभाग प्रमुख सचिन यादव (55) के खिलाफ ठाणे नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। लेकिन छेड़छाड़ के आरोपी को जमानत कैसे मिल गई? यह सवाल महिलाओं ने सीधे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से पूछा है। आरोपी को जमानत मिलने की खबर मिलते ही पीड़िता के माता-पिता के साथ सैकड़ों महिलाओं ने ठाणे में विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही, मनसे पदाधिकारियों और पीड़िता के परिवार के सदस्यों ने शिंदे गुट के उप-विभाग प्रमुख की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। बता दें कि ठाणे के भंडार आली में रहने वाली बच्ची शुक्रवार दोपहर ट्यूशन जा रही थी। तभी शिंदे गुट के उप विभाग प्रमुख सचिन यादव (55) ने बिल्डिंग में लड़की से छेड़छाड़ की। उस वक्त डरी सहमी पीड़ित लड़की ने यादव को धक्का देकर दूर कर दिया। जिसके बाद गुस्साए सचिन यादव ने अभद्र भाषा में कमेंट कर दिया। पीड़ित लड़की ने घटना की जानकारी अपने परिवार को दी। घटना को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित के परिवार के सदस्य तुरंत ठाणे नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे। इस मामले में पुलिस ने आरोपी यादव को गिरफ्तार कर लिया। दिलचस्प बात यह है कि छेड़छाड़ के आरोपी को अगले ही दिन जमानत मिल जाने से हैरानी हो रही है। किसी आरोपी को एक दिन में जमानत कैसे मिल सकती है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *