घर के बाहर खेलते समय डंडे से हमला कर मासूम को मारा था

दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के कुलुवा पट्टी गांव में एक 5 साल के बच्चे की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सतीश आदिवासी को नदी पार करते हुए भागने की कोशिश करते समय पकड़ा गया। पुलिस ने दबोच कर देर रात गिरफ्तार किया। शनिवार शाम डंडे से हमला कर बच्चे की हत्या की गई थी। मृतक बच्चे की पहचान देवेंद्र के रूप में हुई है, जो भगत सिंह का पुत्र था। घटना के समय देवेंद्र गांव के चबूतरे पर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान गांव के सतीश आदिवासी ने उस पर डंडों से हमला कर दिया। हमले के बाद अन्य बच्चे जान बचाकर भागे और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। परिजनों को जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी सतीश वहां से फरार हो चुका था। घायल बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक देवेंद्र के पिता भगत सिंह ने बताया कि उनकी शादी छह साल पहले संगीता सिंह से हुई थी और देवेंद्र उनका इकलौता बच्चा था। तीन दिन पहले ही घर में देवेंद्र के चाचा बबलू की शादी हुई थी, जिसके चलते रिश्तेदार भी मौजूद थे। इस घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया है।
मजदूरी करता है आरोपी का परिवार………

गांव के कल्याण सिंह ने कहा कि आरोपी नवमी कक्षा तक पढ़ा लिखा है। वह अपने माता-पिता की एक अकेली संतान है उसके पिता लकवा ग्रस्त हैं मां मजदूरी करती है। आरोपी इसी तरह गांव में आवारा घूमता रहता है। उसने घटना को क्यों अंजाम दिया उन्हें भी पता नहीं है कि उसने इतनी बेरहमी से उसे मासूम बच्चे की हत्या क्यों की है। मृतक के पिता ने कहा कि वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। वह अपने बच्चे देवेंद्र को अच्छी पढ़ाई लिखाई करना चाहते थे। हत्या करने वाले पुलिस ने आरोपी को देर रात नोहटा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया आरोपी ब्यारमा नदी पार कर निकल गया था। जिसे घेराबंदी कर अभिरक्षा में लेकर पूछंतांछ की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
