Spread the love

मानसिक रूप से कमजोर राज की मौत, परिजनों ने लगाया पुलिस प्रताड़ना का आरोप
इंदौर । मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ टॉप टिप परिसर में रहने वाले एक मानसिक रूप से कमजोर युवक राज पिता मनोज ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी द्वारा मारे गए थप्पड़ और उससे पैदा हुए खौफ के कारण बिल्डिंग की 5वीं मंजिल से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे की है। मृतक राज को सांस लेने में तकलीफ (अस्थमा) की शिकायत थी और वह मानसिक रूप से भी अस्वस्थ था। गर्मी और घुटन महसूस होने के कारण वह देर रात ताजी हवा लेने के लिए बिल्डिंग के नीचे टहलने निकला था। इसी दौरान परिसर के चौकीदार ने उसे टोककर पूछताछ शुरू की, तभी वहां पुलिस की गश्ती गाड़ी (पीआरवी) पहुंच गई।
:: हाथ जोड़े, माफी मांगी… फिर भी जड़ा थप्पड़ ::
परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने राज को देर रात बाहर देख सवालात किए। राज की बहन और अन्य सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को उसकी मानसिक स्थिति और बीमारी के बारे में जानकारी दी। परिजनों का कहना है कि राज ने पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी थी, लेकिन इसके बावजूद एक पुलिसकर्मी ने उसे जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इस अचानक हुए दुर्व्यवहार से राज इतना भयभीत हो गया कि वह तेजी से ऊपर भागा और देखते ही देखते 5वीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। गंभीर चोटें आने के कारण राज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
:: जांच के घेरे में खाकी : लापरवाही पर होगी कार्रवाई ::
घटना की सूचना मिलते ही चंदन नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों और चश्मदीदों के बयानों को आधार बनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *