करियर मार्गदर्शन के लिए दमोह हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील
दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं से कहा है परीक्षा के बाद अब नंबरों की चिंता करने के बजाय अपने भविष्य की योजना बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि 12वीं की परीक्षाएँ समाप्त हो चुकी हैं और रंगपंचमी का पर्व भी आ रहा है। ऐसे में विद्यार्थी खुशी से होली का त्योहार मनाएं और एक-दो दिन आराम करने के बाद अपने आगे के लक्ष्य तय करने की दिशा में विचार करें।

कलेक्टर श्री कोचर ने कहा कि 10वीं के छात्र-छात्राएं अब यह सोचें कि 11वीं में उन्हें कौन-सा विषय लेना है और आगे की पढ़ाई कैसे करनी है। वहीं 12वीं की परीक्षा दे चुके विद्यार्थियों को अब अपने करियर को लेकर गंभीरता से योजना बनानी चाहिए तथा CUET, आईआईटी और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अक्सर परीक्षा के बाद कई विद्यार्थी घर पर बैठकर अपने नंबरों का अनुमान लगाते रहते हैं और किसी विषय में कम अंक आने की आशंका से तनाव में आ जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा हो चुकी है और कॉपियाँ मूल्यांकन के लिए जा चुकी हैं, ऐसे में अब परिणाम को लेकर चिंता करने का कोई लाभ नहीं है।
कलेक्टर श्री कोचर ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपना ध्यान भविष्य की योजना और लक्ष्य निर्धारण पर केंद्रित करें। यदि 10वीं के बाद विषय चयन या 12वीं के बाद करियर को लेकर किसी प्रकार की दुविधा हो, तो विद्यार्थी दमोह हेल्पलाइन 07812-350300 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा हेल्पलाइन के माध्यम से काउंसलर और शिक्षक विद्यार्थियों से संपर्क कर कर सकते है वे उचित मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
