
मंत्री प्रहलाद पटेल ने सामान्य प्रशासन विभाग को लिखा पत्र
भोपाल। मप्र आजीविका मिशन में करोड़ों के घोटाले को लेकर लोकायुक्त संगठन जांच कर रहा है। मिशन के तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रिटायर्ड आईएफएस ललित मोहन बेलवाल पर घोटाले के आरोप हैं। बेलवाल से जुड़ी जानकारी लोकायुक्त को नहीं देने वाले अफसरों पर कार्रवाई को लेकर पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र लिखा है। इसके बाद से पंचायत मंत्रालय में हडक़ंप मचा है।
दरअसल, पिछले महीने मप्र विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आजीविका मिशन के पूर्व सीईओ बेलवाल से जुड़ा सवाल पूछा गया था। सरकार की ओर से विधानसभा में बताया कि पंचायत विभाग ललित मोहन बेलवाल से जुड़ी जानकारी ही नहीं दे रहा है। इस वजह से सामान्य प्रशासन विभाग ने लोकायुक्त को जानकारी नहीं दी। इसके बाद पंचायत विभाग में हलचल तेज हुई। ललित मोहन बेलवाल से जुड़ी जानकारी दबाने और लोकायुक्त तक नहीं पहुंचाने वाले अफसरों के नाम को लेकर चर्चाएं शुरू हुईं। इस बीच पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने पंचायत विभाग के अफसरों को निर्देश न देकर सीधे सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा है कि आजीविका मिशन से जुड़े दस्तावेज जांच के लिए लोकायुक्त को नहीं देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। इस संबंध में दो दिन पहले सामान्य प्रशासन विभाग ने बैठक भी बुलाई। हालांकि बैठक में पंचायत विभाग की ओर से आजीविका मिशन के तत्कालीन सीईओ ललित मोहन बेलवाल से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं दिए, बल्कि मौखिक जानकारी ही दी गई थी। फिलहाल मंत्री प्रहलाद पटेल के पत्र से पंचायत विभाग के अफसरों में हडक़ंप मचा है। जल्द ही इसको लेकर शीर्ष स्तर पर बैठक होना है।
