अपनी 14 से 15 वर्ष किशोरी बालिकाओं को एच.पी.व्ही. का टीका अवश्य लगवाएं

दमोह : जिला स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर सुधीर कोचर ने कहा कि हमारी बेटियों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और उज्जवल भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। एच.पी.व्ही. टीकाकरण एक ऐसा प्रभावी और वैज्ञानिक कदम है, जो किशोरियों को भविष्य में सर्वाईकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में सहायक है। भारत सरकार द्वारा किशोरियों के स्वास्थ्य-संरक्षण हेतु देशव्यापी एच.पी.व्ही. टीकाकरण अभियान 28 फरवरी से संचालित किया जा रहा है। दमोह जिले में एच.पी.व्ही. टीकाकरण अभियान के तहत 23 मार्च तक 1985 किशोरियों को टीकाकृत किया जा चुका है।
कलेक्टर सुधीर कोचर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर के अठया ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियो, समाज के जागरूक नागरिकों से इस अभियान को जन-जन तक पहुॅचाने में सहयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि आईए साथ मिलकर एचपीवी टीकाकरण कराएं और बेटियों का भविष्य सुरक्षित बनाएं। साथ ही समस्त अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु की किशोरियों का एच.पी.व्ही. टीकाकरण अवश्य करायें। यह टीका सुरक्षित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है, जो प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा निःशुल्क लगाया जा रहा है। जिला चिकित्सालय दमोह सहित आपके निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जबेरा, पटेरा, तेन्दूखेड़ा, हिण्डोरिया, बटियागढ़, पथरिया अथवा सिविल अस्पताल हटा में प्रातः 10 से 04 बजे के दौरान निःशुल्क टीकाकरण सेवाएं उपलब्ध है।
