Spread the love

इन्दौर। गत रविवार को हुए आत्महत्या के एक सनसनीखेज मामले में जांच के दौरान पुलिस को मिले युवक के सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला प्रेम प्रसंग के बाद शादी का है। इस शादी को लड़की के परिजनों द्वारा स्वीकार नहीं किए जाने के चलते मानसिक तनाव में युवक ने सुसाइड नोट में पूरी बात लिख एसिड पी लिया था जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम सोहन पुत्र लक्ष्मण ओडवाल निवासी नगीन नगर है। परिजन उसे इलाज के लिए अरबिंदो अस्पताल लेकर पहुंचे थे जहां उसकी मौत हो गई थी। अस्पताल से ही पुलिस को सूचना दे डॉक्टरों ने सुसाइड नोट पुलिस को सौंपा। पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट में सोहन ने ईश्नर टोडरमल, दिनेश टोडरमल और गजानंद टोडरमल पर प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। युवक ने लिखा कि शादी के बाद लड़की के परिजन संबंध को नहीं मान रहे थे और उसे लगातार धमकियां दे उसे झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की गई। मोबाइल चेक करने, मारपीट करने और ड्रग्स रख फंसाने की धमकी देने जैसी बातें भी नोट में लिखी गई हैं। उसने लिखा कि इन सब से परेशान होकर वह यह कदम उठा रहा है।

मुझे माफ कर देना मां….मैं तुम्हारा अच्छा बेटा नहीं बन पाया

युवक ने सुसाइड नोट में अपनी मां को संबोधित करते उनसे माफी मांगते लिखा कि मैं अब इस जिंदगी से पूरी तरह टूट चुका हूं और आगे कुछ भी सहन नहीं कर पा रहा। मैं तुम्हारा अच्छा बेटा नहीं बन पाया और न ही तुम्हारे सपने पूरे कर सका, इसके लिए मुझे माफ कर देना मां। पिछले कई दिनों से खुद को संभालने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अब हार गया हूं। मेरे जाने के बाद तुम बिल्कुल परेशान मत होना। घर में एक और बेटा है, उसे अपने पास बुला लेना। पापा आप मां का ध्यान रखना और आप सभी अच्छे से रहना, किसी भी बात की चिंता मत करना। युवक ने सुसाइड नोट में लिखा कि मैंने बहुत कोशिश की, खुद को समझाया, लेकिन जो मेरे साथ हो रहा है वह सही नहीं है। जिस लड़की से मैंने शादी की, उसके घर वाले इस रिश्ते को नहीं मान रहे हैं और लगातार मुझे धमकियां दे रहे हैं। मुझे डराया जा रहा है कि मुझे मार दिया जाएगा। मैंने तो यहां तक कह दिया कि शादी के कागज फाड़ दो, लेकिन हालात और बिगड़ते गए। मुझे जबरन बुलाया गया, मेरे साथ मारपीट की गई और मुझे झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की गई। मेरे पास अब कोई रास्ता नहीं बचा है। मुझे लग रहा है कि अगर मैं नहीं मरूंगा तो ये लोग मुझे मार देंगे। मेरी मौत के लिए वही लोग जिम्मेदार हैं जो मुझे लगातार परेशान और धमका रहे हैं। मैं बहुत ज्यादा परेशान होकर यह कदम उठा रहा हूं। मेरे जाने के बाद मेरी कोई निशानी घर में मत रखना। आप सभी खुश रहना। अगर जाने-अनजाने में किसी का दिल दुखाया हो तो मुझे माफ कर देना। मेरी मां बहुत रोएगी, उसे संभाल लेना। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर तीन को आऱोपी बना जांच कार्रवाई शुरू करते उनकी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *