अधिकारी केवल कार्यालय और फाइलों तक सीमित न रहें
बल्कि शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करें

दमोह : जिले के नवागत कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों की बैठक लेकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालय और फाइलों तक सीमित न रहें, बल्कि शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करें। नियमित निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए और जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। साथ ही, निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करना अनिवार्य बताया।
जिले में अस्वच्छता पर कलेक्टर श्री यादव ने कहा, विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिससे “स्वच्छ दमोह” का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।रोजगार को महत्वपूर्ण विषय बताते हुए कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि युवाओं को भारत सरकार की कौशल विकास योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उनकी रुचि के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही जिले में संभावित उद्योगों की पहचान कर उद्योगपतियों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे दमोह में निवेश करें और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले। उन्होने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से इन समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
कलेक्टर श्री यादव ने किसानों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहा, उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलना चाहिए। उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनसेवा, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यप्रणाली है।
