Spread the love

सुरेंद्र उर्फ चिंगम की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। संजीवनी नगर क्षेत्र की धनवंतरी नगर पुलिस चौकी अंतर्गत गत दिवस निगरानी बदमाश सुरेंद्र उर्फ चिंगम प्रधान की हत्या का खुलासा हो गया| अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान इस अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि, इस मामले में पुलिस ने सागर कालोनी निवासी आरोपी 25 वर्षीय आयुष यादव को गिरफ्तार कर लिया| आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पहले गला घोटकर उसकी हत्या की और आत्महत्या की शक्ल देने के लिए उसके हाथ की नश काट दी| पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, सफेद गमछा और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक सुरेन्द्र पिछले एक वर्ष से आरोग्यम् अस्पताल के पीछे स्थित एक कार्यालय के कमरे में अकेला रह रहा था। शुक्रवार सुबह सुरेन्द्र जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा था। उसके हाथ की कलाई कटी हुई थी और पास में चाकू रखा था, जबकि गले में गमछा बंधा मिला। प्रारंभिक पीएम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि की।
सीसीटीवी और गवाहों से खुला राज …
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि घटना वाली रात सुरेन्द्र शराब के नशे में था और उसका विवाद हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आयुष यादव उसे कमरे तक छोड़ने गया था और वहीं रुका रहा। इसी आधार पर पुलिस ने आयुष को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सुरेन्द्र अक्सर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। घटना की रात उसने नशे की हालत का फायदा उठाकर गमछे से उसका गला दबा दिया। बाद में हत्या को आत्महत्या साबित करने के उद्देश्य से चाकू से हाथ की नस काट दी। इस मामले में पुलिस प्रताड़ना और अनैतिक संबंधों के बिन्दु पर भी जांच कर रही है| मामले में हत्या के अन्य कारणों का खुलासा होना बाकी है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *