Spread the love

जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत के पुराने शोभापुर में शनिवार की देर रात आत्मरक्षा के लिये उठाई गई बंदूक से गोली चलने पर एक दर्दनाक हादसे में भाजपा नेत्री एवं पूर्व पार्षद प्रत्याशी संगीता रजक की मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी गई । प्रारंभिक जांच में मामला लाइसेंसी बंदूक से दुर्घटनावश गोली चलने का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और परिजनों से पूछताछ शुरू की।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात करीब एक बजे घर के बाहर कुछ संदिग्ध गतिविधि और शोर-शराबे की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य घर से बाहर निकलकर स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। इसी दौरान संगीता रजक भी सुरक्षा की दृष्टि से अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक लेकर गैलरी की ओर गईं। बताया जाता है कि इसी दौरान अचानक बंदूक से फायर हो गया और गोली उनके पेट में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं, जिससे घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत…
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए सिटी हास्पिटल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद ओमेगा अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। क्षेत्र में भी घटना को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
कुछ दिन पहले घर पर हुई थी बमबाजी…
सूत्रों के अनुसार कुछ समय पहले संगीता रजक के घर पर अज्ञात बदमाशों द्वारा बम फेंकने की घटना हुई थी। इस घटना के बाद परिवार सतर्क था और सुरक्षा के मद्देनजर लाइसेंसी हथियार अपने पास रखता था। माना जा रहा है कि इसी सतर्कता के चलते देर रात बाहर की हलचल सुनकर वह बंदूक लेकर बाहर पहुंची थीं। हालांकि गोली चलने की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो सकी हैं।
मिसफायर या ट्रिगर दबने की आशंका…
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना बंदूक संभालने के दौरान ट्रिगर दब जाने या किसी तकनीकी कारण से फायर होने की आशंका से जुड़ी प्रतीत हो रही है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और हथियार सहित अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। विशेषज्ञों की मदद से यह भी जांच की जा रही है कि गोली किस परिस्थिति में चली और घटना के समय बंदूक की स्थिति क्या थी।
जांच रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा…
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फॉरेंसिक परीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *