Spread the love

प्रदेश की राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी की जाति पर उठे सवाल

भोपाल । भाजपा सरकार की नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। पहले उनके भाई पर गांजा तस्करी करने के आरोप लगे थे। वहीं अब एक बार फिर प्रतिमा बागरी के जाति प्रमाण-पत्र का विवाद सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर प्रतिमा बागरी की जाति की जांच की जा रही है। राज्य मंत्री के गांव में प्रशासन ने डुगडुगी बजाकर सूचना दी। 6 जुलाई को प्रतिमा बागरी की छानबीन समिति के सामने पेशी होगी।
सतना जिले की आरक्षित सीट रैगांव विधानसभा क्षेत्र की विधायिका एवं नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के कथित अनुसूचित जाति (एससी) प्रमाण-पत्र विवाद में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कोर्ट के आदेश के बाद राज्य स्तरीय जाति छानबीन समिति के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने शुक्रवार को सतना जिले के नागौद तहसील के ग्राम वसुधा और हरदुआ मझोल समेत संबंधित क्षेत्रों में डुगडुगी बजवाकर आम लोगों को सूचना दी। जिसमें प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास मंत्री की जाति से संबंधित कोई तथ्य, दस्तावेज या साक्ष्य हों तो वे उन्हें समिति के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।
मुनादी करवाकर पूछी जा रही राज्य मंत्री की जाति
राज्य स्तरीय छानबीन समिति ने राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी को नोटिस जारी कर 6 जुलाई 2026 को अनुसूचित जाति विकास आयुक्त कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। समिति ने नोटिस की तामील सुनिश्चित करने के लिए सतना कलेक्टर को विशेष निर्देश जारी किए थे। जारी निर्देशों के अनुसार इश्तहार की प्रतियां तहसील कार्यालय नागौद, जनपद पंचायत कार्यालय तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कराई गई है। ग्राम पंचायत बचबई और वसुधा के सचिवों द्वारा डुगडुगी पिटवाकर वीडियोग्राफी कराई गई। वहीं राजस्व निरीक्षक वृत्त डाम्हा को ग्राम हरदुआ मझोल और वसुधा में सूचना का सार्वजनिक प्रकाशन कर पंचनामा एवं फोटोग्राफी कराई गई। इस बारे में जिला कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस ने बताया कि हमें कोर्ट से एक पत्र मिला था। जिसके आधार पर स्थानीय लेवल पर प्रतिमा बागरी को लेकर सूचना देनी थी। यह कार्य डुगडुगी बजाकर दी गई। आगे की जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *