Spread the love

गुजरात खपाने ले जाई जा रही थी 2004 पेटियां, दो कंटेनर व दो तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े
इंदौर/आलीराजपुर। जिले में जोबट पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की 2004 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप गुजरात में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए गए दो कंटेनर भी जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है। दोनों कंटेनरों के चालकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के परिवहन और कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो कंटेनरों में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब गुजरात भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही जोबट थाना पुलिस ने दो टीमों का गठन कर घेराबंदी की और दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान एक कंटेनर से 930 और दूसरे से 1074 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इस तरह कुल 2004 पेटी शराब जब्त की गई। पुलिस के अनुसार जब्त शराब विभिन्न हाई-रेंज ब्रांड की है, जिसकी बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों कंटेनरों को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी, गुजरात में किस नेटवर्क तक पहुंचाई जानी थी और इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेशभर में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *